मांगों के समर्थन में हड़ताल पर रहे बैंककर्मी
बैंकों को प्राइवेट हाथों में दिये जाने की साजिश का कर्मचारियों ने किया विरोध
कहा-केंद्र सरकार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया तो होगा आंदोलन
नवादा (सदर) : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार को जिले के सभी बैंकों में कार्यरत कर्मचारी हड़ताल पर रहे. बैंक कर्मियों की हड़ताल पर रहने से लगभग एक सौ करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ. सभी बैंकों में ताला लटका रहा.
अपनी मांगों के समर्थन में बैंक कर्मियों ने शाखा कार्यालय के समक्ष नारेबाजी की. देशव्यापी हड़ताल के कारण नवादा में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ यूनाइटेड, ओबीसी, केनरा बैंक, इलाहाबाद बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, कार्पोरेशन बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, आइडीबीआइ,
सेंट्रल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा आदि बैंकों के कर्मचारी के एक दिवसीय हड़ताल के कारण बैंकिंग कार्य बाधित रहा. बैंक कर्मियों ने अपनी हड़ताल को शत-प्रतिशत सफल बताया. आइडीबीआइ के शाखा प्रमुख अमित श्रीवास्तव, अविनाश कुमार, चरणजीत कुमार, रोहित, रवि, पंजाब नेशनल बैंक के उदय कुमार,भारतीय स्टेट बैंक के नेहा कुमारी, बैंक आॅफ बड़ौदा के चंदन कुमार, यूको बैंक के राजीव कुमार ने भारत सरकार के भेदभाव पूर्ण नीतियों की आलोचना की. बैंकर्स को ऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ने बैंकों को प्राइवेट हाथों में दिये जाने की साजिश का विरोध किया. उन्होंने कहा की भारत सरकार इस आंदोलन को गंभीरता से नहीं लिया तो आगे इससे भी बड़ा आंदोलन किया जायेगा.
