कटिहार से आये गिरोह का दूसरा सदस्य फरार
कादिरगंज के गल्ला व्यवसायी पर कुकुरमुत्ता फेंक कर रुपये छीनने का किया था प्रयास
नवादा (सदर) : गुरुवार को नवादा शहर के भारतीय स्टेट बैंक से पैसा निकाल कर जा रहे गल्ला व्यवसायी से पैसे छीनने का प्रयास करते एक अपराधी को स्थानीय लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. जबकि, इस गिरोह का दूसरा सदस्य भागने में सफल रहा. कटिहार से पाकेटमारी की धंधा को अंजाम देने पहुंचे दो युवक मनीष व जिम्मी ने कादिरगंज के गल्ला व्यवसायी पंकज कुमार से तीन लाख 72 हजार रुपये छीनने का प्रयास किया. पैसे निकालने के दौरान ही दोनों सदस्य पंकज का बैंक के बाहर खड़ी बाइक को पंचर कर दिया.
पैसे निकाल कर गाड़ी को पंचर देख पंकज पैदल ही बाइक को ले जाने लगे, तो जिम्मी नामक पॉकेटमार ने कुकुरमुत्ता का पत्ता पंकज पर फेंक कर पैसा छीनने का प्रयास किया. परंतु पंकज के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने अपराधी जिम्मी को पकड़ लिया. इसके बाद सूचना पर पहुंची नगर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस गिरफ्त में पॉकेटमार ने बताया की पॉकेटमारी मेरा धंधा है. आज ही नवादा आया हूं. फरार व गिरफ्तार पॉकेटमार कटिहार शहर के जुलाव पर मुहल्ले का निवासी है.
