नवादा (कार्यालय) : शहर की सड़कों, नालियों व खुरी नदी पुल पर अतिक्रमणकारी फिर से दुकानें सजने लगीं हैं. बांस बांध कर, साइकिल, रिक्शा पर सामान रख अतिक्रमणकारी फिर से धीरे-धीरे अस्थायी दुकानें लगाने लगे हैं.
जिला प्रशासन व नगर पर्षद द्वारा चले संयुक्त अभियान में शहर को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया था. प्रशासन के कड़े तेवर के सामने अतिक्रमण जमाये दुकानदार खुद अपनी दुकान हटाते दिखे थे, इससे अतिक्रमण हटाओ अभियान की सार्थक पहल दिखने लगी थी. इससे शहर को काफी हद तक जाम से छुटकारा मिला हैं. लेकिन, अतिक्रमण हटाओ अभियान के खत्म हुए अभी सप्ताह भी नहीं बीता कि दुकानदारों ने अपना डेरा डंडा जमाना शुरू कर दिया हैं.
12 से 22 जुलाई तक 10 दिवसीय अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद सड़कें साफ व चौड़ी दिखने लगी थी. शहर को जाम की समस्या से काफी हद तक छुटकारा मिला था. इससे लोगों में भी खुशी है,लेकिन अतिक्रमणकारियों के फिर से काबिज होने से लोगों में नाराजगी दिख रही हैं.
समाहरणालय व प्रजातंत्र द्वार प्रशासन की नजरों में हमेशा रहती हैं. यहां लगातार कार्रवाई अतिक्रमणकारियों पर जारी है, इससे इनका मनोबल टूट गया है. जबकि शहर के प्रसाद बिगहा में सड़क के दोनों किनारों पर ऑटो व अन्य भाड़े की गाड़ियां फिर से लगने लगी है. अस्पताल परिसर के पास चाय, पान व खोमचेंवालों ने अपनी दुकानें लगा ली हैं. स्टेशन रोड में नालियों पर होटलों के चूल्हें फिर से आग उगलने लगे हैं. मेन रोड में दुकानों के आगे सामान व बाइक लगने लगी हैं. खुरी नदी पुल पर बांस के खूंटे बांध कर कपड़ों की दुकानें सजने लगी हैं. रिक्शा व साइकिल पर सामान रख दुकानदारी फिर से शुरू हो गयी हैं.
पार्किंग की व्यवस्था करने का निर्देश : बैंकों सहित बड़े प्रतिष्ठानों को अपने परिसर में पार्किंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया हैं. एटीएम, बैंक व बड़े प्रतिष्ठानों के आगे लगी गाड़ियां से भी जाम लगता हैं. साथ ही, खुरी नदी पुल के फुटपाथ पर गार्टर लगाया जाना हैं. पैदल चलने वालों को फुटपाथ का उपयोग करना हैं. इससे फुटपाथ पर अवैध कब्जा नहीं हो पायेगा. सदर एसडीओ राजेश कुमार ने बताया कि जल्द ही इस पर पहल की जायेगी.
