नवादा नगर : विपक्षी दलों में ताकत नहीं है कि वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास काम पर अंगुली उठा सके. देश में सरकार की नीतियों के कारण 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं के लीकेज पर रोक लगी है.
ये बातें केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर हुए उपवास कार्यक्रम में कहीं. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने छोले भटूरे खाकर उपवास कर राजनीति का उपहास उड़ाया है. भाजपा उपवास के बदले उपवास का जवाब नहीं कर रही बल्कि कांग्रेस के लोगों ने बेवजह सदन में हंगामा कर लोकतंत्र की हत्या की है. उसे जनता के सामने उजागर कर रही है.
राष्ट्रीय स्तर पर तय एक दिवसीय अनशन सह उपवास कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भाजपा की सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत पांच करोड़ गरीब महिलाओं में साढ़े चार करोड़ महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन दे दिया है. सड़क और रेलमार्ग का निर्माण पिछली सरकारों के मुकाबले दोगुणे गति से हो रहा है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि साजिश के तहत देश को कमजोर करने की कोशिश विपक्षी दल कर रहे हैं.
