नवादा : नगर थाना क्षेत्र के खरीदी बिगहा स्थित कुंती नगर के समीप चुटकिया बिगहा मोड़ के पास देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी. सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस व सदर एसडीपीओ घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की तहकीकात की. घटना को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत भी है और आक्रोश भी.
हालांकि पुलिस ने लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया. बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चुटकिया बिगहा गांव निवासी जागेश्वर यादव के 30 वर्षीय बेटे चंदन यादव की हत्या उस समय कर दी गयी जब वह अपने ट्रैक्टर से खरीदी बिगहा गांव स्थित खेत से घर लौट रहा था. घटना स्थल से पुलिस को एक खोखा और तीन जिंदा कारतूस मिले हैं. इस संबंध में नगर थाना में एफआईआर दर्ज करायी गयी है. मृतक चंदन यादव के पिता जागेश्वर यादव ने प्राथमिकी में गांव के ही दो लोगों को नामजद बनाया.
इसमें अरविंद यादव और रवींद्र यादव है. बताया जाता है कि चंदन यादव अपने गांव में खेती करता था. ट्रैक्टर, थ्रेसर को भाड़े पर चलता था. उसने अपने परिजनों को रात में देर से घर आने की सूचना दी थी. परंतु, देर रात तक वह घर वापस नहीं आया. सुबह होते ही गांववालों की नजर उस पर पड़ी. अज्ञात अपराधियों ने चंदन को ट्रैक्टर पर बैठे हुए ही तीन गोली मार दी थी. इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी थी. बताया जाता है कि पुरानी रंजिश को लेकर चंदन की हत्या की गयी है. फिलवक्त चंदन की मौत के बाद उसकी पत्नी निर्मला देवी और दो बेटी व एक बेटा अनाथ हो गये हैं. चंदन ही अपने घर की जीविका का साधन था. घटना के आरोपित गांव से फरार हैं.
