बिहार में जदयू नेता और उनके भाई के कई ठिकानों पर रेड, पूरे मोहल्ले को सील कर चल रही छापेमारी

Bihar News: नालंदा जिले में जदयू के पूर्व नेता अकबर मल्लिक और उनके भाई बाबर मल्लिक के ठिकानों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. अवैध हथियारों की गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया है. छापेमारी छह घंटे से ज्यादा समय तक चली और कई संदिग्ध सामान जब्त किए गए हैं.

Bihar News: बिहार के नालंदा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां जदयू के पूर्व नेता अकबर मल्लिक और उनके भाई बाबर मल्लिक के आवास पर पुलिस ने छापेमारी की है. इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है और स्थानीय स्तर पर भी अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है.

जानकारी के अनुसार, नालंदा के बैंगानाबाद मोहल्ले में बुधवार सुबह पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के नेतृत्व में करीब छह घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया. छापेमारी की यह कार्रवाई अवैध हथियारों की गुप्त सूचना के आधार पर की गई. एसपी ने बताया कि उन्हें इन दोनों नेताओं के पास भारी मात्रा में हथियारों के जखीरे की जानकारी मिली थी, जिसके बाद तत्काल एक विशेष टीम बनाकर दोनों ठिकानों पर एक साथ छापा मारा गया.

पूरे मोहल्ले को सील कर चल रही छापेमारी

इस अभियान में बिहार थाना, लहेरी, सोहसराय और सदर डीएसपी की टीमें शामिल रहीं. पूरे मोहल्ले को पुलिस ने घेराबंदी कर सील कर दिया और किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी गई. अब तक की कार्रवाई में कुछ संदिग्ध दस्तावेज और सामग्री बरामद की गई है, हालांकि हथियारों की आधिकारिक बरामदगी की पुष्टि पुलिस ने नहीं की है.

पुलिस के हाथ लगे अवैध हथियार

सूत्रों के अनुसार, कई हथियार और आपत्तिजनक वस्तुएं पुलिस के हाथ लगी हैं. पुलिस अधीक्षक भारत सोनी स्वयं इस ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है.

पूर्व में अकबर मल्लिक ठगी, दंगा और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं. इन आपराधिक गतिविधियों के चलते उन्हें जदयू से निष्कासित कर दिया गया था. वहीं उनके भाई बाबर मल्लिक वर्तमान में किसी पद पर नहीं हैं, लेकिन पार्टी के सक्रिय सदस्य माने जाते हैं.

अकबर मल्लिक को पार्टी से कर दिया गया है बाहर

जदयू प्रवक्ता डॉ. धनंजय देव ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अकबर मल्लिक को पहले ही पार्टी से बाहर कर दिया गया है. बाबर मल्लिक किसी पद पर नहीं हैं. हमारी सरकार कानून का पालन करती है – दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.”

इस छापेमारी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और राजनीतिक गलियारों में भी इसकी गूंज सुनाई दे रही है. पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है.

Also Read:  खान सर की पत्नी का क्या है नाम? रिसेप्शन कार्ड भी वायरल, जानिए तारीख और वेन्यू

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >