बिहारशरीफ : उधार के पैसे नहीं लौटाने के एवज में युवक की अंगुली काट दी .घटना शहर के नगर थाना क्षेत्र के चैनपुरा गांव में गुरुवार को घटी. घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके पर फायरिंग करते हुए फरार हो गये. घटना की सूचना पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया है.
बताया जाता है कि गांव निवासी मो.बबलू के भाई को उसका पड़ोसी छोटू पिछले दिनों कर्ज के तौर पर 15 सौ रुपये दिया था. पिछले एक सप्ताह से उधार के पैसे छोटू द्वारा मांगा जा रहा था.गुरुवार को छोटू अपने अन्य समर्थकों के साथ मो बबलू के घर पर चढ़कर पैसे की मांग करने लगा. घर पर ही छोटू ने तलवार से बबलू के भाई की अंगुली काट दी.
मौके पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो चक्र फायरिंग भी की गयी. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर दौड़े. इस बीच सभी अपराधी मौके से फरार हो गये. नगर थाना पुलिस ने बताया है कि इस संबंध में आरोपितों के खिलाफ कांड दर्ज कर लिया गया है. गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है.नगर इंस्पेक्टर उदय कुमार ने बताया है आरोपितों की गिरफ्तारी होगी. इंस्पेक्टर ने बताया है कि वारदात में अंगुली पर चोट आयी है. घायल के बयान पर आरोपितों के नामों की पहचान कर ली गयी है.
