आरोप. पुलिस के मूनलाइट अभियान के दौरान हुई वारदात
22 फरवरी से 3 अप्रैल तक घटीं सात बड़ी आपराधिक घटनाएं
बिहारशरीफ : अपराध की आंधी में नालंदा पुलिस के कई अभियान उड़ गये. पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने व अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर कई तरह के अभियान को चला रखा है. जिसमें मुख्य रूप से दो अभियान महत्वपूर्ण है. पहला मूनलाइट व दूसरा कासो अभियान है. बावजूद इसके जिले में आपराधिक घटनाओं की बाढ़ सी आ गयी है. पुलिस के खौफ से भयमुक्त होते जा रहे अपराधी. अब दिनदहाड़े आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में जुटे हैं.
हाल के दिनों में जितनी भी बड़ी आपराधिक घटनाएं घटी व दिन के उजाले में ही घटी. हालांकि कुछ मामलों में पुलिस ने घटना में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी करने में सफलता पायी है, वहीं कुछ ऐसी भी घटनाएं हैं,जिनका उद्भेदन अभी तक नहीं हो पाया है. रविवार की देर रात्रि हथियारबंद अपराधियों ने हरनौत थाना क्षेत्र के पोआरी गांव के समीप सड़क पर पेड़ गिरा कर करीब दो दर्जन वाहनों से लाखों की लूट कर ली. जिले में घटी बड़ी आपराधिक घटनाओं में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस मुख्यालय की ओर से तीन एसआईटी का गठन भी किया गया.गठित एसआईटी के हत्थे अभी तक वारदातों से संबंधित न तो कोई सुराग ही हाथ लगी और न ही किसी अपराधी की गिरफ्तारी ही संभव हो सकी है. एसडीपीओ निशित प्रिया कहतीं हैं कि पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर काफी प्रयासरत है.पूर्व के कुछ बड़ी आपराधिक घटनाओं में संलिप्त अपराधियों को चिन्हित करने का काम पूरा कर लिया गया है.एसडीपीओ के अनुसार निकट भविष्य में उनकी गिरफ्तारी कर ली जायेगी.
घटनाओं का ब्यौरा
इस अभियान के तहत नालंदा पुलिस रात के वक्त क्षेत्र में विचरण कर संदेहास्पद लोगों पर पैनी नजर रखती है.मूनलाइट अभियान को वाहन चेकिंग से भी जोड़ा गया है.इस अभियान में जिले के सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में रात के वक्त रहकर विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने को लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हैं.नालंदा में यह अभियान करीब 6 माह से कार्य कर रहा है.
कासो अभियान को नालंदा के पुलिस कप्तान कुमार आशीष ने और ठोस तरीके से तैयार किया. अभियान के तहत पुलिस जिले के कुछ विशेष स्थानों को चिन्हित कर वहां छापेमारी करती है.कासो अभियान में जिले के चिन्हित 100 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की बात एसपी द्वारा कही गयी है.
याद दिलाती अपराध की कहानी
14 फरवरी को अपराधियों ने दो व्यक्तियों की तेजधार हथियार से हत्या कर शव को नूरसराय थाना क्षेत्र के कुट फैक्टरी के पास फेंक दिया.पुलिस के अनुसार दोनों मृतकों में एक ट्रक का चालक व दूसरा उपचालक के रूप में पहचान की गयी.इस मामले में अभी तक किसी भी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी
22 फरवरी को अपराधियों ने वेन थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव के पास एक 20 वर्षीया युवती की हत्या कर शव को फेंक कर चंपत हो गये.अपराधी अभी तक अज्ञात हैं.
27 फरवरी को शहर के सोहसराय थाना क्षेत्र के 17 नंबर के पास एक कैश वैन को कवर कर उसके गार्ड व कैशियर की हत्या कर अपराधियों ने कर दी.इस घटना में कैश वैन के चालक द्वारा वैन में रखे 40 लाख रूपये लेकर कैश वैन सहित फरार हो गया था.
पुलिस ने इस मामले में कैश वैन के चालक व आरोपित एटीएमओ को लूट की रकम के साथ गिरफ्तार करने में सफल रही है ,लेकिन वह अपराधी नहीं धराये जिन्होंने कैश वैन के गार्ड व कैशियर की हत्या गोली मार की थी.
3 मार्च को नूरसराय थाना क्षेत्र के जगदीशपुर तियारी जाने वाली सड़क पर हथियारबंद अपराधियों ने एक मुखिया समर्थक विकास कुमार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी.घटना के वक्त विकास अल्टो कार पर सवार होकर गांव जा रहे थे.इस घटना में पीड़ित को दो गोली लगी.
5 मार्च की मध्य रात्रि 8-10 हथियारबंद अपराधियों ने सिलाव थाना क्षेत्र के भुई गांव के पास सड़क पर पेड़ गिराकर 6 लग्जरी वाहनों को लूट लिया.सभी वाहनों पर बाराती बैठे थे.इस मामले में भी पुलिस को अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है.
7 मार्च को हथियारबंद अपराधियों ने दीपनगर थाना क्षेत्र के वास्तु विहार के एक फ्लैट में भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया.अपराधियों ने घर के सभी सदस्यों को बंधक बना कर करीब 5 लाख रूपये की संपत्ति लूट ली.इस मामले में अभी तक किसी भी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
16 मार्च को बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने एक व्यक्ति की हत्या गोली कर कर दी.
घटना नगर थाना क्षेत्र के नकटपुरा गांव के पास घटी.अपराधियों ने व्यक्ति को तीन गोलियां मारी हैं.मृतक की पहचान बिंद थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी अर्जुन यादव के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में की गयी है.नीतीश अपनी पत्नी के इलाज के लिए बाइक से बिहारशरीफ आ रहा था.
31 मार्च को दीप नगर थाना क्षेत्र के नदियावां गांव में बालू उठाव को लेकर अपराधियों ने दो सगे भाईयों की हत्या गोली मार कर दी.
2 अप्रैल की मध्य रात्रि हथियारबंद अपराधियों ने हरनौत थाना क्षेत्र के पोआरी गांव के पास बीच सड़क पर वृक्ष गिराकर करीब दो दर्जन वाहनों से लाखों की लूट कर ली.
इस मामले में पुलिस को अभी तक कोई ठोस सफलता अर्जित नहीं हो पायी है.
क्राइम @10
3 अप्रैल को शहर के खंदक पर स्थित एक कंप्यूटर शिक्षण संस्थान का ताला तोड़ कर अपराधियों ने वहां से 1.5 लाख रुपये मूल्यों की चोरी कर ली. अपराधियों उक्त दुकान में करीब दो घंटे तक तांडव मचाते रहे. संस्थान के संचालक शंकर कुमार द्वारा नगर थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ कांड दर्ज कराया गया.
