बिहारशरीफ : शौच के लिए घर से अकेली निकली एक नाबालिग के साथ सामुहिक दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है. घटना के तीन दिनों के बाद पीड़िता ने महिला थाने में दो आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. घटना जिले के चिकसौरा थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है. घटना की पुष्टि करते हुए महिला थानाध्यक्ष पिंकी प्रसाद ने बताया कि नाबालिग अपने गांव स्थित घर से 1 मार्च को अकेले शौच के लिए निकली थी. इसी बीच गांव के ही दो युवक रावत व राहुल ने लड़की को रास्ते से अगवा कर पास के खेत में ले जाकर बारी -बारी से दुष्कर्म किया. घटना की जानकारी पीड़िता द्वारा सबसे पहले अपने माता-पिता को दी गयी.
पीड़िता ने बताया है कि उक्त दोनों युवकों द्वारा पूर्व में छेड़खानी की घटना को भी अंजाम दिया गया था. लोकलाज की डर से वह इस बात की जानकारी नहीं दे पा रही थी.महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता ने अपने बयान में उक्त बातों की चर्चा की है.पीड़िता को महिला पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है.इधर महिला थाना पुलिस कांड दर्ज करने के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी में जुट गयी है.आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर एक टीम का गठन किया गया है.
