सफलता. देसी शराब का कारोबारी चढ़ा पुलिस के हत्थे
17500 किलो छोवा बरामद
तीन गांवों में छापेमारी के बाद मिली सफलता
बिहारशरीफ \गिरियक : नालंदा पुलिस ने देसी शराब के एक बड़े रैकेट को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने इन लोगों के पास से शराब निर्माण में प्रयोग किये जाने वाले 17500 किलो छोवा व 18 लीटर चुलायी शराब बरामद किया है. पुलिस को यह कामयाबी पावापुरी ओपी क्षेत्र के मुस्तफापुर,खाड़ी बिगहा व पोखरपुर गांव से मिली. राजगीर एसडीपीओ संजय कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने दो महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है. एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तारी की संख्या बढ़ भी सकती है. गिरफ्तार सभी आरोपित देसी शराब निर्माण के एक बड़े रैकेट से जुड़े हुए हैं. होली को लेकर भारी मात्रा में चुलाई शराब के निर्माण को लेकर उक्त छोवा जमा किया गया था.सभी छावे को 25-25 किलो के टीने में भर कर रखी गयी थी.
राजगीर एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने क्षेत्र के पोखरपुर के दिनेश प्रसाद के गोदाम व पावापुरी मोड़ स्थित संजय साव के दुकान से उक्त छोवा बरामद किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की सुबह छापेमारी कर सभी छोवा को जब्त कर लिया. इस मामले में गिरफ्तार अारोपितों में मुस्तफापुर गांव का मनोज कुमार,पंकज कुमार,शोभा देवी व करिश्मा देवी शामिल है. पावापुरी ओपी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पावापुरी ओपी क्षेत्र के पोखरपुर, खाड़ी बिगहा व मुस्तफापुर गांव में एक साथ सघन छापेमारी अभियान चलाया गया.ओपी प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार अारोपितों से पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि इस रैकेट में और किन-किन लोगों की संलिप्तता है. इस छापेमारी में गिरियक के सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह व गिरियक थानाध्यक्ष नंद किशोर प्रसाद शामिल है.
