बिहारशरीफ : नालंदा जिले मे 22 से 27 फरवरी तक आयोजित होने वाले पुलिस सप्ताह की रूपरेखा तैयार कर ली गयी है. इससे संबंधित एक आवश्यक दिशा-निर्देश एसपी ने बुधवार को जारी किया है.
अपने जारी निर्देश में एसपी ने बताया है कि इस आयोजन में जिले के सभी पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों की सहभागिता होनी है.
एसपी ने बताया कि उक्त अवधि में प्रतिदिन पुलिस केंद्र में बिहार पुलिस का झंडा फहराया जायेगा. इसके अलावे जिले के सभी पुलिस थानों,ओपी व अन्य पुलिस प्रतिष्ठान परिसरों में पौधारोपण की जायेगी.
इस दौरान रन फॉर पीस के तहत कई तरह के खेल के आयोजन भी किये जायेंगे,जिसमें युवाओं की सहभागिता होगी.
बच्चों के लिए शराबबंदी के विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता, युवाओं के लिए स्कूल व कॉलेज में पुलिस-पब्लिक रिलेशनस के विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, पुलिस के सहयोगियों को सम्मानित करने व उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पुरस्कृत करने जैसे आयोजन किये जायेंगे.
