अनदेखी. केला व अन्य मौसमी फल नहीं देने का आरोप
अब बच्चों को बुधवार और शनिवार को मिलेगा मिड डे मील के साथ मौसमी फल
बिहारशरीफ : मिड डे मील योजना के निदेशक ने सभी जिलों के कार्यक्रम पदाधिकारियों को पत्र लिखकर नये मेनू के अनुसार बच्चों को मिड डे मील उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. निदेशक ने कहा है कि नया मेनू अक्तूबर माह 2016 से दृढ़ता से पालन किया जा रहा है. लेकिन कुछ विद्यालयों द्वारा बच्चों को मीड डे मील के साथ केला व अन्य मौसमी फल नहीं दिया जा रहा है.
विद्यालय के मध्याह्न भोजन तालिका में भी मौसमी फल को दर्शाया नहीं जा रहा है. उन्होंने प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षकाओं को निर्देश दिया है कि आपके विद्यालय में मेनू के अनुसार मध्याह्न भोजन योजना का संचालन नहीं हो रहा है तो संबंधित जिला पदाधिकार, जिला शिक्षा पदाधिकारी अथवा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के व्हाट्स एप पर वीडियो बनाकर भेजें. उन्होंने कहा कि मध्याहृन भोजन योजना तैयार करने के क्रम में कुछ निर्देशों को ध्यान में रखा जाना जरूरी है. इनमें एगमार्ग युक्त मशाला एवं आयोडिन नमक का ही उपयोग किया जाये. खाद्य तेल के रूप में एगमार्क युक्त रिफाइन तेल, शुद्ध सरसो तेल का ही उपयोग किया जाये.
