बिहारशरीफ : दीपनगर थाना क्षेत्र के मेहनौर गांव में शनिवार की रात में जमीन विवाद को लेकर घर में सोये युवक की कुछ लोगों ने गला दबाकर हत्या कर दी थी. पुलिस ने इस मामले में मृतक के चाचा एवं चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जाता है कि मेहनौर गांव निवासी अजीत कुमार की जमीन को लेकर गोतिया लोगों से विवाद चल रहा था. इसी दौरान रात में अजीत अपने घर में सोया हुआ था. इसी दौरान उसके गोतिया लोगों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी.
मृतक युवक अजीत के पिता दिनेश महतो ने बेटे की गला दबाकर हत्या कर देने के आरोप में मृतक के चाचा उमेश महतो एवं उनके पुत्र धनंजय कुमार के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. दीपनगर के थानाध्यक्ष मो. सुजाउद्दीन ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. उन्होंने बताया कि मृतक युवक के शव को बरामद कर पुलिस पोस्टमार्टम कराने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया है.
