सड़क हादसे के शिकार राजीव थे एकलौती संतान
बिहारशरीफ/सिलाव : राजगीर थाना क्षेत्र के लहुआर मोड़ के पास बाइक व ट्रैक्टर की टक्कर में मृतक राजीव कुमार अपने माता-पिता का एकलौता संतान था. मृतक युवक के पिता बिन्नु राम गरीबी के कारण परिवार का भरण-पोषण के लिए पत्नी के साथ ईंट भट्ठा पर काम करने के लिए गुजरात गये हुए हैं. राजीव कुमार सीमा गांव स्थित अपनी मौसी के घर पर रहता था और पलम्बर मिस्त्री का काम करता था. वहीं मृतक रवि कुमार के परिवार की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी. घायल अयोध्या मिस्त्री व दीपू चौधरी भी गरीबी के कारण परिवार चलाने के लिए पलम्बर मिस्त्री का काम करते थे.
मृतक युवक राजीव की मौसी आशा देवी बताती हैं कि चारों युवक राजगीर के विस्थापित गांव में पलम्बर का कार्य कर रहे थे. इसी काम को लेकर सोमवार की सुबह चारों युवक बाइक पर सवार होकर निकले थे. इस हादसे के बाद मृतक युवक राजीव की मौसी आशा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. वह रोते-बिलखते बताती है कि वह अपनी बहन को अब क्या जवाब देगी. इस घटना से सीमा गांव में कोहराम मचा है. चारों तरफ से रोने-चिल्लाने की आवाज आ रही हे. मृतक के परिजनों को गांव की महिलाएं व पुरुष सांत्वना में लगे हैं. गांव में अफरा-तफरी का माहौल है. कोई घायलों को देखने पटना जाने की तैयारी में हैं तो कई मृतकों के शव को दाह-संस्कार करने के लिए ले जाने की कोशिश में जुटे हैं. दोनों मृतकों व दोनों घायल युवकों के घरों के पास ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा है. सड़क हादसे में गांव के एक साथ चार युवकों को शिकार हो जाने से ग्रामीण आहत हैं.
सभी की आंखें इस दुखद घटना से नम है.
