दुस्साहस. नालंदा थाना के सुंदर बिगहा की घटना पटना रेफर, बालू माफियाओं पर गोली मारने का आरोप
तीन अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
बिहारशरीफ/सिलाव(नालंदा) : नालंदा थाना क्षेत्र के सुंदर बिगहा गांव में मंगलवार देर रात दालान पर सोये युवक कुंदन यादव को अपराधियों ने गोली मार दी. कुंदन को दो गोली लगी. घटना में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया है. जख्मी युवक का भाई प्रमोद यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार रात्रि में उसका छोटा भाई कुंदन यादव एवं पिता सहदेव यादव अपने दालान में रखे चौकी पर सो रहे थे. आधी रात के करीब कुछ अपराधी वहां पहुंचे और चौकी पर सो रहे भाई कुंदन यादव की छाती में दनादन दो गोली मार कर फरार हो गये.
घटना के कारणों का उसने स्वयं तो बहुत कुछ नहीं बताया, लेकिन वहां मौजूद गांव वालों ने घटना के कारणों का खुलासा किया. ग्रामीणों की मानें तो घायल युवक का भाई प्रमोद यादव बालू ठेकेदार के यहां मुंशी का काम करता है. बालू ढोने वाले ट्रैक्टरों से कुछ अपराधी किस्म के लोग रंगदारी लिया करते थे. गांव के लोगों ने इसका विरोध किया था और ग्रामीणों ने इस संबंध में एसपी का घेराव भी किया था.
एसपी ने मामले की जांच कर कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इस घटना से रंगदारी वसूलने वाले अपराधी आक्रोशित थे. विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व घायल युवक के भाई प्रमोद ने किया था. प्रमोद उसी दालान में उसी चौकी पर प्रतिदिन सोया करता था. मंगलवार की रात्रि में किसी कारणवश वह सोने नहीं आया था. उसकी जगह पर उसका भाई कुंदन यादव सोया था. इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. नालंदा थानाध्यक्ष प्रभा कुमारी ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. इस संबंध में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
