21 से 30 नवंबर तक सभी थानों में दान में कपड़े लिये जायेंगे जमा
बिहारशरीफ : नालंदा पुलिस ठंड से गरीब व लाचार लोगों को बचाने के लिए मुहिम वस्त्र दान शुरू करने जा रही है. सामुदायिक पुलिसिंग के तहत यह नयी सामाजिक मुहिम शुरू की जा रही है. इस मुहिम की जानकारी देते हुए एसपी कुमार आशीष ने बताया कि ठंड का मौसम शुरू हो चुका है. सर्दियों के मौसम में गरीब व लाचार परिवार के लोग ठंड से कांपते रहते हैं.
ऐसे लोगों को ठंड से बचाने के लिए सामाजिक रूप से जागरूक व इच्छुक लोगों से गरम व ऊनी वस्त्र जुटा कर गरीब व जरूरतमंद लोगों के बीच बांटे जायेंगे. गरम कपड़े जमा करने का अभियान जिले के सभी थानों व ओपी क्षेत्रों में 21 से 30 नवंबर तक किये जायेंगे. लोगों से दान में प्राप्त इन गरम कपड़ों की धुलाई-सफाई करके उपयोग लायक बना कर दिसंबर के प्रथम सप्ताह में जिले के सुदूर क्षेत्रों में जाकर जरूरतमंदों व लाचार लोगों की पहचान कर उनके बीच बांटे जायेंगे. कोई भी नागरिक जो स्वेच्छा से वस्त्र दान करना चाहते हैं,
तो नालंदा पुलिस ऐसे लोगों का स्वागत करेगी. संबंधित थानों में जाकर ऐसे लोग गरम कपड़े जमा करा सकते हैं. कपड़े जमा करने की इस मुहिम का अमितेष कुमार एवं विकास कुमार को को-ऑर्डिनेटर बनाया गया है. ये दोनों स्वयंसेवी संस्थानों को भी इस मुहिम से जोड़ेंगे. 21 से 30 नवंबर के बीच के 10 दिनों में कोई भी व्यक्ति नये अथवा पुराने, मगर प्रयोग करने लायक ऊनी वस्त्र दान दे सकते हैं. एसपी ने बताया कि नालंदा पुलिस की सोच है कि जरूरतमंद गरीब परिवारों को सर्दी के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी न हो. उन्हें तन ढंकने एवं सर्दी से बचाने के लिए ऊनी वस्त्र उपलब्ध कराये जोयंगे. एसपी ने कहा कि समाजसेवा करना और गरीब लोगों को दान करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है.
