बिहारशरीफ : जिला अधिवक्ता संघ लाइब्रेरी भवन बाल संरक्षण और सुरक्षा पर बाल सखा ने कार्यक्रम आयोजित किया. यह कार्यक्रम संस्था के जिला प्रभारी सह किशोर न्याय परिषद् के सदस्य संजय कुमार अधिवक्ता की अध्यक्षता तथा स्टेट प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर महेश कुमार चौधरी के निर्देशन में किया गया. इसके तहत उपस्थित लोगों को बताया गया कि राज्य में संस्था 10 जिलों में कार्य कर रही है. प्रत्येक जिले में कमेटी बनायी गयी है, जिसमें 10 सदस्य है.
यह संस्था बाल अधिकार संरक्षण के लिए कार्य करती है. ऐसे बच्चे के संरक्षण और सुरक्षा जो पर्यवेक्षण गृह में है या कानून की गिरफ्त में हैं. संस्था का मुख्य उद्देश्य बेसहारा, बेघर बच्चों की मदद करना तथा कानूनी गिरफ्त में आये बच्चों को समाज की मुख्य धारा में जोड़ना है. संस्था कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों के सुरक्षा व संरक्षण से संबंधित रिपोर्ट राज्य सरकार को भेज इसमें संबंधित प्रस्ताव रखती है, जिस पर सरकार मूल्यांकन कर बाल कल्याण संस्थाओं को मजबूत करने का कार्य करती है. कार्यक्रम को शंभु शरण सिंह, लाल कृष्ण, संजय नयनम, सीमा कुमारी, संजय आचार्य, संजीव शर्मा, सुरेश कुमार सिंह, अवधेश कुमार सिन्हा आदि अधिवक्ताओं ने भी संबोधित किया.
