किसान ऑफ लाइन भी बन सकते हैं सदस्य
धान अधिप्राप्ति को ले किसानों का डाटाबेस बनना शुरू
बिहारशरीफ : सहकारिता विभाग द्वारा जिले के नूरसराय प्रखंड में पायलॉट प्रोजेक्ट के तहत खुरू किया गया ऑन लाइन सदस्यता में अब तक लगभग 250 किसानों द्वारा आवेदन दिया गया है. उक्त आशय की जानकारी नालंदा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक विजय कुमार सिंह ने दी. उन्होंने बताया कि विभागीय नियमानुसार सभी आवेदनों का समयानुसार निष्पादन किया जायेगा. उन्होंने कहा कि इस कार्य में चार प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों को लगाया गया है.
हालांकि वर्तमान में सारा काम साइवर कैफे के माध्यम से किये जाने के कारण अधिक समय लग रहा है. जिला कार्यालय द्वारा इस समस्या के निदान के लिए सभी बीडीओ को एक एक कंप्यूटर ऑपरेटर उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि कार्यों का समय पर निष्पादन हो सके. उन्होंने बताया िक जिले के अन्य प्रखंडों के किसान पैक्स सदस्य बनने के लिए ऑफ लाइन भी आवेदन दे सकते हैं. जिन प्रखंडों में ऑन लाइन आवेदन की शुरुआत नहीं की गई है वहां किसान सहायक निबंधन कार्यालय बिहारशरीफ अथवा हिलसा में अपना आवेदन दे सकते हैं. कोई भी किसान 11 रुपये सदस्यता शुल्क जमा कर सदस्य बन सकते हैं.
किसानों का डाटा बनाना शुरू:
खरीफ विपणन मौसम 2016-17 के लिए धान अधिप्राप्ति के लिए किसानों की सूची बनाने का निर्देश सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों को दी गई. प्रबंध निदेशक श्री सिंह ने बताया कि विभागीय निर्देशानुसार इस वर्ष भी पैक्सों द्वारा किसानों का डाटाबेस तैयार कर ही धान अधिप्राप्ति की जानी है. सबसे अहम बात है कि धान की अधिप्राप्ति भी समिति के सदस्य किसानों से ही की जानी है. इसलिए जिले के किसान अपनी उपज बेचने के लिए पैक्स की सदस्यता अवश्य ग्रहण करें.
