अस्थावां (नालंदा). स्थानीय प्रखंड के ओइयाब मध्य ग्रामीण बैंक में चोरी का प्रयास किया गया. सोमवार की रात में चोरों ने बैंक के मुख्य गेट में लगे तीन ताले को तोड़ दिया. ताला तोड़ने के क्रम में खटखट की आवाज सुन कर ग्रामीण जाग गये. ग्रामीणों के जाग जाने की भनक लगते ही चोर वहां से भाग खड़े हुए. इस तरह बैंक में चोरी होने से बच गया. इस संबंध में अस्थावां थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस मामले की छानबीन करने में लगी है.
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव रंजन राय ने बताया कि बैंक के प्रबंधक रामसागर प्रसाद ने इस संबंध में थाने में सूचना दी है. उन्होंने बताया कि थाने में सूचना के बाद स्थानीय पुलिस ओइयाब जाकर घटना की जानकारी ली. पुलिस इस मामले की तहकीकात करने में जुटी है. अज्ञात चोरों का पता लगाया जा रहा है.
इस बाबत ओइयाब के मुखिया ने बताया कि ग्रामीणों की सजगता के कारण बैंक में चोरी होने से बच गया. ओइयाब मध्य ग्रामीण बैंक में सुरक्षा की मुकम्मल व्यवस्था नहीं है. बताया जाता है कि दिन में कार्य अवधि के दौरान चौकीदार बैंक की सुरक्षा में तैनात रहते हैं. लेकिन रात में सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है. दिन भर ग्राहकों की चहलकदमी रहती है. रात में सुरक्षा की व्यवस्था नहीं है. बैंक पूरी तरह असुरक्षित है.
