एनएच 31 पर कंचनपुर पुल के पास हुआ हादसा
मुआवजे को लेकर एनएच को किया जाम
बिहारशरीफ : एनएच 31 पर दीपनगर थाना क्षेत्र के कंचनपुर पुल के पास सोमवार की सुबह टेंपो पर बैठने के लिए सड़क पार कर रहे दो बच्चों को तीव्र गति से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया. इस हादसे में मानपुर थाना क्षेत्र के नवाजी बिगहा गांव निवासी दुलारचंद चौहान की 11 साल की पुत्री बसंती कुमारी व तीन साल के पुत्र छोटू कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी . बताया जाता है कि नवाजी बिगहा निवासी बसंती कुमारी अपने तीन साल के भाई छोटू के साथ टेंपो चढ़ने के लिए एनएच 31 पर आ रही थी. सवारी आते देख पावापुरी से बिहारशरीफ की ओर आ रहे एक टेंपो के ड्राइवर ने वाहन को रोक कर बसंती को बुलाने लगा.
बसंती कुमारी के हाथ में एक झोला था और साथ में छोटा भाई था,इसलिए वह धीरे-धीरे आ रही थी. टेंपो चालक ने आगे बढ़कर बसंती के हाथ से झोला ले लिया और ले जाकर टेंपो पर रख दिया. इधर बसंती अपने भाई को लेकर जैसे ही एनएच 31 पर चढ़ी ,नवादा की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक ने दोनों भाई-बहन को रौंद दिया. इस हादसे में बसंती कुमारी व उसके भाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच 31 को घंटों जाम कर दिया. सूचना मिलने पर गिरियक थाना व दीपनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और नाराज लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया. बिहारशरीफ के सीओ घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे और दोनों मृतक बच्चों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का चेक आपदा राहत कोष से दिया. इसके बाद सड़क जाम हटा लिया गया. पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल बिहारशरीफ पोस्टमार्टम करा उसे परिजनों को सौंप दिया. मृतक दोनों बच्चों के पिता दुलारचंद चौहान राजमिस्त्री का काम करता है
और वह अपनी ससुराल नवाजी बिगहा में अपना मकान बनाकर रहता है. इस हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर फरार हो गया. दीपनगर थानाध्यक्ष मो.सुजाउद्दीन ने बताया कि मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मृतक के परिजन ने एफआइआर दर्ज करायी है.
