गैस कटर से मजबूत ताले को काट कर सामान ले उड़े चोर
लहेरी थाना क्षेत्र के रांची रोड स्थित देवी स्थान मंदिर के पीछे आवास में हुई घटना
चोरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी
बिहारशरीफ : अस्थावां पूर्वी से जिप का चुनाव लड़ रहे सुशील कुमार सिन्हा के घर चोरी की घटना घटी है. बदमाशों ने मुख्य गेट में लगे ताले को गैस कटर से काट कर घटना को अंजाम दिया है. चोरी की यह घटना शहर के लहेरी थाना क्षेत्र के रांची रोड स्थित देवी स्थान मंदिर के पीछे उनके आवास में घटी. घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची संबंधित थाने की पुलिस ने पीडि़त से घटना की पूरी जानकारी लेकर अपराधियों की गिरफ्तारी में जुट गयी है.
बताया जाता है कि श्री सिन्हा अपने परिवार के साथ अपने अस्थावां गये हुए थे. इस बात की भनक चोरों को लग गयी थी. मंगलवार की देर रात्रि अज्ञात चोरों ने गैस कटर से घर के सभी ताले को तोड़ कर अंदर रखे आभूषण, कीमती कपड़े, 25 हजार नकद सहित करीब पांच लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया.
बुधवार को स्थानीय लोगों की सूचना पर घर पहुंचे श्री सिन्हा ने घटना की जानकारी लहेरी पुलिस को दी. पुलिस ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है. इस संबंध में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ कांड दर्ज किया गया है.चोरों को जल्द पकड़ लिया जायेगा.
