लक्षण प्रतीत होने पर तुरंत करायें इलाज
कुष्ठ विकलांगता से बचाव की मुकम्मल व्यवस्था
बिहारशरीफ : कुष्ठ विकलांगता वाले मरीजों पर कर्मी पूरी तरह से नजर रखें. लक्षण प्रतीत होने पर तुरंत करायें इलाज . कुष्ठ विकलांगता से बचााव के लिए मुकम्मल व्यवस्था विभाग की ओर से है. विकलांगता से निजात दिलाने के लिए ऑपरेशन करने की व्यवस्था है. यह सुविधा मरीजों को विभाग की ओर से नि:शुल्क उपलब्ध करायी जाती है. इसलिए अगर कोई व्यक्ति कुष्ठ से विकलांग हैं तो घबड़ाने की जरूरत नहीं है. बल्कि ऐसे लोगों की पहचान कर पंजीकृत करें.
विभाग की ओर से ऑपरेशन कर उसे विकलांगता से निजात दिलायी जा सकेगी. यह हिदायत कुष्ठ विभाग के कर्मियों को डीएलओ डॉ रविंद्र कुमार ने सोमवार को दी.
लेप्रोसी केस डिडेक्शन अभियान की समीक्षा
जिला कुष्ठ निवारण कार्यालय में जिले के पारा मेडिकल वर्करों व अचिकित्सा सहायकों की बैठक डीएलओ डाॅ कुमार ने की. बैठक के दौरान जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डाॅ कुमार ने पिछले दिनों जिले में चलाये गये लेप्रोसी केस डिडेक्शन कंपेन अभियान की पीएचसीवार समीक्षा की. इस दौरान पाया गया कि अभियान के दौरान किसी प्रखंड में लेप्रोसी के संदिग्ध मरीज अधिक तो किसी ब्लॉक में कम मरीज पाये गये. जिस क्षेत्र में सस्पेक्टेट मरीज अधिक पाये गये. इस संबंध में चर्चा की गयी कि क्या कारण है कि वहां पर अधिक मरीज पाये गये. इसके निदान के लिए विभाग की ओर से क्या ठोस कदम उठाये जा सकते हैं.
