बिहारशरीफ. हरनौत विधानसभा क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी हरिनारायण सिंह को बदलने संबंधित महापंचायत की मांग पर पार्टी नेतृत्व ने अभी कोई फैसला नहीं किया है. मंगलवार की संध्या में पटना में महापंचायत की कोर कमेटी के 21 सदस्यों के साथ सीएम व अन्य जदयू वरीय नेताओं की वार्ता के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला है. महापंचायत के सदस्यों की मांग और प्रत्याशी के संबंध में उनकी शिकायत सुनने के बाद सीएम ने इस मुद्दे पर गुरुवार को महापंचायत की कोर कमेटी के सदस्यों को वार्ता के लिए एक बार फिर से बुलाया है.
इसकी जानकारी महापंचायत कोर कमेटी के प्रमुख सदस्य इ अशोक कुमार ने दी. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर वार्ता के लिए गुरुवार को सदस्य एक बार फिर से पटना जायेंगे. उन्होंने बताया कि पटना जाने से पूर्व महापंचायत कोर कमेटी की सदस्यों की हरनौत में बैठक होगी. इस बैठक में पार्टी के इस मुद्दे पर आने वाले निर्णय के बाद कदम उठाने की सहमति बनायी जायेगी.
श्री अशोक ने बताया कि हरनौत विस क्षेत्र के 250 गांवों के लोग प्रत्याशी बदलने की मांग पर एकजुट हैं. अब देखना है कि पार्टी महापंचायत की मांग पर क्या निर्णय लेती है. जदयू के इस मुद्दे पर निर्णय के बाद आगे की रणनीति तय की जायेगी. महापंचायत प्रत्याशी नहीं बदलने की स्थिति में निर्दलीय प्रत्याशी खड़ा करने का मन बना चुकी है.
