बिहारशरीफ : जिस सकल मांझी की हत्या गरदन रेत कर दी गयी थी,उसके पीछे की कहानी को पुलिस ने खोज निकाला है.इस हत्याकांड के पीछे मृतका की भतीजी व आरोपित के प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है.
शनिवार को एक प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए एसपी विवेकानंद ने बताया कि मानपुर थाना क्षेत्र के तीयूरी गांव निवासी रामचरित्र मांझी के एक पुत्र के साथ मृतक की भतीजी का प्रेम प्रसंग चल रहा था.दो दिन पूर्व मृतक की भतीजी घर से अचानक गायब हो गयी थी,जिसे खोजने को लेकर उसका चाचा सकल मांझी घर से निकला था.एसपी ने बताया कि हालिया अनुसंधान में यह बात स्पष्ट हो चुका है कि खून से सने जो कपड़े तीयूरी निवासी रामचरित्र मांझी के घर से पुलिस ने बरामद किये हैं वह सकल मांझी के ही थे. स्थानीय गोइठवा पुल के पास से मिले मृतक के सिर व धड़ के खून से सनी वहां की माटी के नमूने को जांच के विधि-विज्ञान प्रयोगशाला पटना भेजा जा गया है.
पुलिस द्वारा आरोपित के घर पर श्वान दस्ते की टीम को भी भेजा गया है.एसपी ने बताया कि फिलहाल आरोपित घर से फरार हैं.तलाशी के दौरान उनके घर से एक देसी राइफल की बरामदगी भी की गयी है.उनकी गिरफ्तारी को लेकर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है.
कार की चपेट में आयी मां की हालत नाजुक बेटी की मौत
बिहारशरीफ.कार की चपेट में आयी मां की हालात नाजुक बनी हुई है,जबकि पुत्री की मौत हो गयी.घटना नालंदा थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव के पास गुरुवार को घटी.बताया जाता है कि फतेहपुर गांव निवासी मसुदन सिंह की पुत्री नीशू देवी अपनी दस वर्षीया पुत्री रंजू के साथ उक्त स्थान पर बस से उतर कर सड़क पार कर रही थी,इसी दौरान बिहारशरीफ से राजगीर जा रही एक कार के चपेट में आने से दोनों मां-पुत्री जख्मी हो गये,जिसमें पुत्री की मौत हो गयी.
