कार्रवाई. बैठक की अनदेखी करनी पड़ी महंगी
सिविल सर्जन ने की कार्रवाई
बिहारशरीफ : आदेश की अवहेलना करना जिले के तीन चिकित्सा पदाधिकारियों को महंगा पड़ गया.आदेश के बावजूद बैठक में शामिल नहीं होने पर संबंधित चिकित्सा पदाधिकारियों से इस बाबत शो कॉज किया गया है.साथ ही उनके वेतन पर रोक लगा दी गयी है.यह कार्रवाई सिविल सर्जन डॉ सुबोध प्रसाद ने की है.कार्रवाई की जद में जिले के राजगीर अनुमंडल अस्पताल के तीन डॉक्टर आये हैं.उपाधीक्षक को निर्देश दिया गया है कि डॉक्टर से लेकर कर्मियों तक की उपस्थिति समय पर हरहाल में सुनिश्चित करेंगे.लापरवाह डॉक्टरों व कर्मियों पर निश्चित तौर पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
उपाधीक्षक को मिले कई टास्क : बैठक के दौरान सिविल सर्जन डॉ सिंह ने अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ उमेश चंद्र को कई दिशा निर्देश दिये.उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि ड्यूटी में लापरवाही हरगिज नहीं बरदाश्त की जायेगी. साथ ही आदेश की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाये.
एक दिन का वेतन काट किया गया जवाब-तलब
सिविल सर्जन ने बताया कि राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल में आयोजित बैठक से अनुपस्थित रहने वाले डॉक्टरों के एक दिन का वेतन भुगतान पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गयी है. साथ ही उक्त चिकित्सा पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछा गया है. कहा कि शो कॉज का जवाब संतोषप्रद नहीं पाया गया, तो अग्रतर कार्रवाई की जायेगी. स्पष्टीकरण का जवाब अतिशीघ्र देने का निर्देश दिया गया है.
चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आयोजित थी बैठक
राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को अस्पताल परिसर में बैठक हुई थी. बैठक में शामिल होने के लिए अस्पताल के सभी डॉक्टरों व कर्मियों को हिदायत दी गयी थी.बावजूद अस्पताल में पदस्थापित तीन चिकित्सा पदाधिकारियों इसकी अनदेखी की. सिविल सर्जन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित थी. सिविल सर्जन डॉ सिंह ने बताया कि यह बहुत ही गंभीर मामला है. आदेश के बावजूद तीन डॉक्टर बैठक में शामिल नहीं हुए. उन्होंने बताया किबैठक में डॉ अजीत रंजन, डॉ श्यामा राय व डॉ मनोज कुमार उपस्थित नहीं हो सके.
