स्टेशन को िफर से पटरी पर लाने में लगेंगे चार से छह दिन
बिहारशरीफ : घटना के बाद वीरान पड़े बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन को पटरी पर लाने में चार से छह दिन लगेंगे. उक्त बातों की जानकारी रेलवे के दूरसंचार अनुरक्षक सौरभ कुमार व दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से दी. दोनों रेलवे पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि तोड़फोड़ के दौरान सभी तरह के दूरसंचार व्यवस्था […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
बिहारशरीफ : घटना के बाद वीरान पड़े बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन को पटरी पर लाने में चार से छह दिन लगेंगे. उक्त बातों की जानकारी रेलवे के दूरसंचार अनुरक्षक सौरभ कुमार व दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से दी. दोनों रेलवे पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि तोड़फोड़ के दौरान सभी तरह के दूरसंचार व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया गया है.
बिहारशरीफ रेल स्टेशन प्रबंधक एसके प्रदीप ने टेलीफोन पर बताया कि दूरसंचार व्यवस्था के ध्वस्त होने के बाद सभी ट्रेनों को सावधानीपूर्वक चलाया जा रहा है. रेलवे प्रशासन द्वारा बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन के करीब एक किलोमीटर तक विशेष सावधानी बरती जा रही है. उन्होंने बताया कि पूरी व्यवस्था को पूर्व की तरह लागू करने में करीब छह दिनों का वक्त लग सकता है. इसके लिए रेलवे विभाग के कई इंजीनियर काम में लगे हुए हैं.
उन्होंने बताया कि घटना के बाद सबसे पहले रेलवे ट्रैक की जांच की गयी, जिसे शुक्रवार की दोपहर 1:40 मिनट पर रेलवे के इंजीनियरों द्वारा सही बताया गया. उसके बाद ट्रेन का परिचालन प्रारंभ कर दिया गया. किसी भी ट्रेन को रद्द किये जाने से संबंधित जानकारी उनके पास नहीं है.
लोगों ने बताया
दिल्ली जाने के लिए स्टेशन आया था. इसी बीच उपद्रवियों का तांडव से स्टेशन पर भगदड़ मच गयी. भागने के दौरान मेरा कपड़ा सहित बैग गायब हो गया. अपने बैग का परवाह नहीं कर किसी तरह वहां से जान बचा कर भागा.
शियाराम प्रसाद, रामचंद्रपुर
दिल्ली जाने के लिए स्टेशन आयी थी. लेकिन स्टेशन पर हो रहे उपद्रव को देख भौचक रह गयी.
किरण कुमारी, सोहसराय
अपने परिवार के साथ दिल्ली जाने वाले थे. इस घटना के बाद नहीं जा सके. स्टेशन के बाहर खड़े दर्जनों टेंपो पर भी उपद्रवियों द्वारा हमला बोला गया. कई टेंपो के शीशे तोड़ डाले गये.
उदय चंद्र गुप्ता, खंदकपुर
स्टेशन पर पहुंचने के बाद का नजारा बहुत ही भयावह था. स्टेशन के चारों ओर उपद्रवियों का तोड़फोड़ चल रहा था. सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया जा रहा था.