बिहारशरीफ : छात्र युवा आंदोलन के बैनर के साथ रेलवे का चक्का जाम करने बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पहुंचे हजारों आंदोलनकर्ताओं ने सबसे पहले वहां मौजूद रेलयात्रियों को चेताया. लोगों से कहा कि रेलवे स्टेशन को खाली कर दो, इतना कहते ही छात्र युवा आंदोलन में शामिल भीड़ ने तोड़फोड़ व आगजनी शुरू कर दी. स्टेशन […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
बिहारशरीफ : छात्र युवा आंदोलन के बैनर के साथ रेलवे का चक्का जाम करने बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पहुंचे हजारों आंदोलनकर्ताओं ने सबसे पहले वहां मौजूद रेलयात्रियों को चेताया. लोगों से कहा कि रेलवे स्टेशन को खाली कर दो, इतना कहते ही छात्र युवा आंदोलन में शामिल भीड़ ने तोड़फोड़ व आगजनी शुरू कर दी. स्टेशन पर मची भगदड़ में एक महिला यात्री की मौत हो गयी. हालांकि महिला की मौत को बिहारशरीफ रेल थाना इस घटना से जोड़ कर नहीं देख रही है.
बिहारशरीफ रेल थानाध्यक्ष कमलेश रजक ने बताया है कि महिला की मौत किन कारणों से हुई है, इसकी जानकारी पुलिस को नहीं है. घटना के वक्त रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में दर्जनों रेल यात्री चोटिल हो गये. स्टेशन परिसर पर ही अपना सामान छोड़ कर लोग मौके से भागने लगे. कई महिलाएं, बुजुर्ग व छोटे बच्चे को चोटें आयीं हैं. घटना के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा मौके पर एंबुलेंस को मंगाया गया. जिलाधिकारी के आदेश के बाद मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड टीम द्वारा आग पर काबू पाया गया.
ऐसे उपद्रवियों ने संभाल रखा था मोरचा
हजारों की संख्या में बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ कर रहे उपद्रवी अचानक कई भाग में बंट कर अलग-अलग तरीकों से उपद्रव मचाने लगे. करीब 50-50 की संख्या में अलग-अलग हो कर कोई आरक्षण प्रणाली में लूटपाट कर रहा था, तो करीब इतनी ही संख्या में बंट कर उपद्रवी तत्व स्टेशन के विभिन्न कार्यालयों में आग लगा रहा था. स्टेशन के दक्षिण भाग में खड़ी नगर थाना पुलिस की जीप में आग लगायी जा रही थी. भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों द्वारा रेलवे ट्रैक को उखाड़ने का काम किया जा रहा था.
स्टेशन अधीक्षक के कार्यालय में रखे सभी फर्नीचर व आवश्यक कागजात को रेलवे ट्रैक पर लाकर आग लगाने में उपद्रवियों का दूसरा गुट लगा हुआ था. स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची बिहारशरीफ रेल थाना पुलिस पर उपद्रवियों द्वारा रोड़ेबाजी कर के वहां से खदेड़ दिया गया.
उपद्रवियों द्वारा रेलवे कर्मचारियों के सरकारी क्वार्टरों को नुकसान पहुंचाने का काम किया गया.