Pakridayal News: पकड़ीदयाल प्रखंड के सिसहनी गांव निवासी एक युवक की मुंबई जाने के दौरान चलती ट्रेन से गिरने से मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
लखनऊ के पास हुआ हादसा
मृतक की पहचान सिसहनी गांव निवासी सुजीत महतो के 20 वर्षीय पुत्र अवनीश कुमार उर्फ चुनचुन के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार अवनीश रोजगार के सिलसिले में मुंबई जा रहा था. इसी दौरान लखनऊ के समीप चलती ट्रेन से गिर जाने से उसकी मौत हो गई.
परिवार का सबसे छोटा बेटा था अवनीश
परिजनों ने बताया कि अवनीश अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था. हादसे की खबर गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे.
शव पहुंचने के बाद होगा अंतिम संस्कार
परिजनों के अनुसार मृतक का शव गांव पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा. इस दर्दनाक घटना से पूरे सिसहनी गांव में मातम का माहौल है.
