Muzaffarpur News: हत्था थाना क्षेत्र के रतवारा गांव में शनिवार सुबह एक 40 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर से बरामद किया गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
चौकी पर मिला शव
मृतका की पहचान रतवारा गांव निवासी मो. जहीर की पत्नी सबुजा खातून (करीब 40 वर्ष) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार सुबह काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसी हालचाल जानने पहुंचे. घर के अंदर चौकी पर महिला का शव पड़ा मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
पति करता है कोलकाता में नौकरी
ग्रामीणों ने बताया कि महिला का पति मो. जहीर कोलकाता के एक कारखाने में काम करता है और करीब छह माह पहले गांव आया था. महिला घर में अकेली रहती थी तथा मजदूरी कर अपना जीवनयापन करती थी. दंपती की कोई संतान नहीं है.
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला के चेहरे पर झाग जैसा पदार्थ दिखाई दे रहा था, जिससे मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
हत्था थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी ने बताया कि रतवारा गांव में महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
