श्रावणी मेले की तैयारी तेज, डीएम के निरीक्षण से पहले कांवरिया पथ पहुंचे अधिकारी

मुजफ्फरपुर में 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले की तैयारियां ज़ोरों पर हैं. जिलाधिकारी के निरीक्षण से पहले नगर निगम की टीम ने कांवरिया पथ का सघन निरीक्षण किया. उन्होंने नाला निर्माण, जलजमाव और सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

Muzaffarpur Shravani Preparations: आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले सुप्रसिद्ध श्रावणी मेला की भव्य और सुरक्षित तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह से जुट गया है.मंगलवार की शाम जिलाधिकारी (डीएम) कुमार गौरव के होने वाले महत्वपूर्ण निरीक्षण से पूर्व ही नगर निगम के दोनों उपनगर आयुक्त अमित कुमार एवं सुबोध कुमार के अलावा कार्यपालक अभियंता बिजेंद्र कुमार और सहायक अभियंता अभिनव पुष्प सहित पूरी नगर निगम की तकनीकी टीम ने कांवरिया पथ वाले पूरे रूट का सघन निरीक्षण किया और जारी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया.

ओपन नाला और स्लैब निर्माण का हुआ भौतिक सत्यापन, सफाई पर विशेष जोर

निगम के अधिकारियों और इंजीनियरों की टीम ने कांवरिया पथ रूट पर चल रहे नाला निर्माण कार्यों की प्रगति देखी.इसके साथ ही खुले (ओपन) नाले के ऊपर जहां-जहां नया स्लैब डाला गया है, उसका भी भौतिक सत्यापन किया गया ताकि कांवरियों को पैदल चलने में कोई परेशानी न हो.टीम ने रूट पर साफ-सफाई की व्यवस्था, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव और प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइटों की स्थिति का भी गहन निरीक्षण किया.अधिकारियों ने संवेदकों को काम में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए.

शहर में हुए जलजमाव की समस्या से अवगत हुए इंजीनियर

कांवरिया पथ के साथ-साथ शहर के विभिन्न मोहल्लों में चल रहे बड़े निर्माण कार्यों के कारण हालिया बारिश के बाद उत्पन्न हुई गंभीर जलजमाव की समस्या से भी निगम के आला अधिकारी और इंजीनियर पूरी तरह अवगत हुए.टीम ने उन सभी संवेदनशील और निचले इलाकों का दौरा किया जहां जलजमाव से आम जनता को परेशानी हो रही है.इंजीनियरों ने जल निकासी के लिए अतिरिक्त पंप सेट लगाने और नालों के अवरोध को तुरंत हटाने की योजना तैयार की है ताकि मेले के दौरान शहर पूरी तरह जलजमाव मुक्त रहे.

ये भी पढ़ें: डाकघर ग्राहकों को बड़ी राहत, अब बिना कागजी फॉर्म भरे जमा-निकासी कर सकेंगे 50 हजार रुपये


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

पत्रकारिता के क्षेत्र में देवेश को 17 वर्षों का अनुभव है. उच्च शिक्षा, जमीन रजिस्ट्री, नगर निगम की कार्यप्रणाली और स्मार्ट सिटी विकास जैसे विषयों पर इनका विशेष लेखन है. राजनीतिक और सामाजिक समसामयिक मुद्दों के साथ-साथ खोजी पत्रकारिता और ब्रेकिंग न्यूज कवरेज में ये सक्रिय हैं. तथ्यपरक, प्रभावी और जन सरोकार से जुड़ी रिपोर्टिंग इनकी प्रमुख पहचान है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >