Rotary International Elected: मुजफ्फरपुर शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में रोटरी इंटरनेशनल के निर्वाचित डायरेक्टर (सत्र 2027-28) रोटेरियन वासुदेव गोलयान के साथ रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 के रोटेरियनों की एक महत्वपूर्ण और औपचारिक बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में संगठन के विस्तार और समाज कल्याण से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई. बैठक के दौरान उन्होंने रोटरी इंटरनेशनल की प्राथमिकताओं, सेवा परियोजनाओं, सदस्यता में वृद्धि तथा संगठन को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की रणनीतियों पर विस्तार से अपने विचार साझा किए.
निस्वार्थ सेवा और समाज में स्थायी परिवर्तन लाना मुख्य उद्देश्य
अपने संबोधन में रोटेरियन वासुदेव गोलयान ने कहा कि रोटरी का मूल उद्देश्य निस्वार्थ भाव से सेवा करना है, जिसके माध्यम से समाज में स्थायी एवं सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है. उन्होंने रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 के सभी क्लबों से यह आह्वान किया कि वे अपने सेवा कार्यों में नवाचार, युवा सहभागिता और जनहित की विशेष परियोजनाओं को प्राथमिकता दें. उन्होंने युवाओं को संगठन से जोड़ने और उनकी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने पर विशेष बल दिया.
दिग्गज पदाधिकारियों और विभिन्न क्लबों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस गरिमामयी बैठक में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन मिथिलेश कुमार झा (काठमांडू) एवं पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन बिंदु सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे. इसके अलावा मुजफ्फरपुर के विभिन्न रोटरी क्लबों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई. इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत से रोटेरियन ऋतेश अनुपम, रोटरी क्लब ऑफ लिच्छवी से रोटेरियन मनोज कुमार, रोटरी क्लब ऑफ मुजफ्फरपुर से रोटेरियन नीरज कुमार तथा रोटरी क्लब ऑफ अमरपाली से रोटेरियन संजीत शरण उपस्थित रहकर कार्यक्रम को सफल बनाया.
