Bihar MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद स्नातक निर्वाचन 2026 के लिए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है. राजद ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है. मजबूत राजनीतिक पृष्ठभूमि और क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक जुड़ाव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर बड़ा भरोसा जताया है. इस घोषणा के साथ ही तिरहुत प्रमंडल के चारों जिलों में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है.
पूर्व एमएलसी रामकुमार सिंह की बहू हैं डॉ. रश्मि
डॉ. रश्मि विनायक गौतम का ताल्लुक एक प्रतिष्ठित और रसूखदार राजनीतिक परिवार से है. वे बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य (MLC) रामकुमार सिंह की पुत्रवधू हैं. उनके परिवार की तिरहुत निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षकों, बुद्धिजीवियों और युवाओं के बीच लंबे समय से गहरी पैठ रही है. डॉ. रश्मि स्वयं उच्च शिक्षित हैं और लगातार विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़कर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं.
पति भी रहे हैं चुनावी मैदान में सक्रिय
डॉ. रश्मि के पति डॉ. विनायक गौतम भी इलाके में सामाजिक और राजनीतिक रूप से खासे सक्रिय रहे हैं. वे वर्ष 2025 में संपन्न हुए तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के घोषित प्रत्याशी के रूप में चुनावी समर में ताल ठोक चुके हैं. उनके चुनावी अनुभव और स्नातक मतदाताओं से सीधे संपर्क का लाभ अब डॉ. रश्मि के चुनाव प्रचार अभियान को मजबूती देने में मिलेगा.
प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने जारी किया पत्र
राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल द्वारा 11 सितंबर को आधिकारिक पत्र जारी कर डॉ. रश्मि के नाम पर मुहर लगाई गई. पार्टी आलाकमान का मानना है कि परिवार की मजबूत राजनीतिक पकड़ और शिक्षित युवाओं के बीच उनकी स्वीकार्यता राजद को इस प्रतिष्ठित सीट पर मजबूती प्रदान करेगी. संगठन स्तर पर कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश भी दिए गए हैं.
मुजफ्फरपुर समेत चारों जिलों में सियासी हलचल तेज
डॉ. रश्मि विनायक गौतम की उम्मीदवारी तय होते ही तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली जिलों का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है. स्नातक मतदाताओं, कॉलेज प्राध्यापकों और बुद्धिजीवियों के बीच इस फैसले को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. अन्य प्रमुख दलों के संभावित दावेदार भी अब अपनी नई रणनीतियां तैयार करने में जुट गए हैं.
यह भी पढ़ें... हाईवे लुटेरा गिरोह के 5 हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, हथियार बरामद और आधा दर्जन लूटकांडों का खुलासा
