पीजी छात्रों को हर साल मिलेंगे 1.5 लाख रुपये, यूजीसी की बड़ी स्कॉलरशिप योजना के लिए जल्द खुलेगा पोर्टल

पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे छात्रों के लिए UGC ने 'नेशनल स्कॉलरशिप फॉर पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज' योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत, योग्य छात्रों को हर साल 1.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। आवेदन प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है.

पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए केंद्र सरकार और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने बड़ा तोहफा दिया है. देश के होनहार युवाओं को उच्च शिक्षा के दौरान वित्तीय संकट से बचाने के लिए ''नेशनल स्कॉलरशिप फॉर पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज'' (NSPG) योजना के तहत हर साल 1.5 लाख रुपये की बंपर आर्थिक सहायता दी जाएगी. इस योजना के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) पर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है. यूजीसी ने सभी पात्र छात्रों को अपने जरूरी दस्तावेज तैयार रखने के निर्देश दिए हैं ताकि वे समय रहते आवेदन कर सकें.

क्या है यह योजना और कितनी मिलेगी राशि :

यूजीसी की इस विशेष योजना का उद्देश्य देश भर के मान्यता प्राप्त संस्थानों में पीजी कोर्स कर रहे प्रतिभावान छात्रों को वित्तीय मदद देना है. योजना के तहत चयनित छात्रों को दो साल तक लगातार सालाना 1.5 लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी. यह राशि हर महीने 15,000 रुपये (साल में 10 महीने के लिए) के हिसाब से सीधे छात्रों के बैंक खाते में भेजी जाएगी. यूजीसी हर साल इस योजना के तहत देश भर से कुल 10,000 योग्य छात्रों का चयन करेगा, जिसमें से 30 प्रतिशत सीटें छात्राओं के लिए आरक्षित रखी गई हैं.

यह भी पढ़ें... दो घरों से लाखों के आभूषण और नगदी की चोरी, जांच में जुटी डॉग स्क्वायड

ये छात्र होंगे आवेदन के पात्र :

इस स्कॉलरशिप योजना का लाभ लेने के लिए छात्रों को कुछ जरूरी पात्रता शर्तों को पूरा करना होगा.

  • छात्र ने किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय, मानद विश्वविद्यालय या कॉलेज में नियमित (रेगुलर और फुल-टाइम) पीजी कोर्स के प्रथम वर्ष में दाखिला लिया हो.
  • दूरस्थ शिक्षा (डिस्टेंस लर्निंग), पार्ट-टाइम कोर्स या प्राइवेट मोड से पीजी करने वाले छात्र इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे.
  • आवेदन करने वाले छात्र की अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष से कम होनी चाहिए.
  • यह लाभ केवल पहली बार पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री करने वाले छात्रों को ही मिलेगा. जो छात्र पहले ही एक बार पीजी कर चुके हैं, वे दोबारा इसके लिए पात्र नहीं होंगे.

तैयार रखें ये जरूरी दस्तावेज

यूजीसी ने छात्रों को सलाह दी है कि आवेदन के लिए पोर्टल खुलने से पहले वे अपने सभी मुख्य दस्तावेज संभाल कर रख लें ताकि बाद में किसी तकनीकी खराबी या देरी के कारण फॉर्म रिजेक्ट न हो. छात्रों के पास पहचान पत्र, कक्षा 10वीं, 12वीं और ग्रेजुएशन की मार्कशीट, पीजी कोर्स का अलॉटमेंट या एडमिशन लेटर, चालू शैक्षणिक सत्र की फीस रसीद और एक सक्रिय बैंक खाता होना अनिवार्य है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि छात्र का बैंक खाता उनके पहचान पत्र से लिंक होना चाहिए, क्योंकि स्कॉलरशिप का भुगतान केवल डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) माध्यम से किया जाएगा.

यह भी पढ़ें... मौसम अलर्ट: उत्तर बिहार में 3 दिनों तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

जानिए क्या होगी पूरी आवेदन प्रक्रिया :

इस योजना का लाभ उठाने के लिए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है, जो इस प्रकार काम करेगी.

  • सबसे पहले छात्रों को भारत सरकार के आधिकारिक नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल scholarships.gov.in पर जाना होगा.
  • पोर्टल पर पहली बार आने वाले छात्रों को अपना वन-टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना होगा, जिसके बाद उन्हें 14 अंकों का ओटीआर नंबर मिलेगा.
  • ओटीआर नंबर और पासवर्ड की मदद से पोर्टल पर लॉगिन करके छात्रों को ''सेंट्रल स्कीम्स'' के तहत यूजीसी सेक्शन में जाना होगा.
  • यहां ''National Scholarship for Post Graduate Studies'' विकल्प को चुनकर आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी ध्यानपूर्वक भरनी होगी.
  • मांगे गए दस्तावेजों को स्कैन करके अपलोड करने के बाद छात्र को अपने फॉर्म को फाइनल सबमिट करना होगा.

संस्थानों को मिला कड़ा निर्देश :

यूजीसी ने इस बार आवेदन प्रक्रिया को बेहद पारदर्शी और तेज बनाने के लिए देश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों को कड़े निर्देश जारी किए हैं. कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के नोडल अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि वे छात्र का आवेदन प्राप्त होने के ठीक 15 दिनों के भीतर उसकी बारीकी से जांच (वेरिफिकेशन) करें और उसे स्वीकृत या अस्वीकृत करें. इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यदि किसी छात्र के फॉर्म में कोई गलती या त्रुटि पाई जाती है, तो उसे पोर्टल बंद होने से पहले अपनी गलती सुधारने और दोबारा दस्तावेज अपलोड करने का पर्याप्त समय मिल सकेगा.ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की सटीक तारीख की घोषणा यूजीसी द्वारा बहुत जल्द अलग से की जाएगी. छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर नजर बनाए रखें.

यह भी पढ़ें... शहर में मोबाइल तो गांवों में नशे की लत पति-पत्नी के रिश्तों में घोल रही कड़वाहट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ankit

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >