Muzaffarpur News: मनियारी थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा-लीची गाछी के पास शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई. सड़क किनारे गड्ढे से शव बरामद होने के बाद उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर पहचान की गई.
आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान
मृतक की पहचान बोचहां थाना क्षेत्र के सर्फुद्दीनपुर (पीरखपुर) निवासी मो. सत्तार के 46 वर्षीय पुत्र मो. अख्तर के रूप में हुई है. बताया गया कि वह अपने घर से मनियारी हाट स्थित नट टोला में एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे.
गड्ढे में बाइक के नीचे दबा मिला शव
जानकारी के अनुसार, लीची गाछी के समीप बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बाइक समेत युवक सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा. हादसे के बाद गड्ढे में युवक का शव बाइक के नीचे दबा हुआ मिला.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. रघुनाथपुर मधुवन पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कालिकांत झा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और बाइक का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया.
यह भी पढ़ें: इंटरनेट सेवा ठप होते ही ऑनलाइन पेमेंट बंद, कारोबार पर पड़ा बड़ा असर
