Money Sent From Dubai: साइबर फ्रॉड के खिलाफ चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान के बीच कई बार बेकसूर लोग भी इसका शिकार बन जा रहे हैं. ताजा मामला पारू इलाके का है, जहां एक लाचार महिला अपने ही खाते में आए पैसों को निकालने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही है. पति ने दुबई से पाई-पाई जोड़कर बीमार पत्नी के इलाज के लिए पैसे भेजे थे, लेकिन बैंक खाते से महज दो हजार रुपये निकलते ही खाता फ्रीज हो गया. अब पीड़ित महिला न्याय और अपने हक के पैसों के लिए पुलिस के चक्कर काट रही है.
यह भी पढ़ें... ARMY बनकर लड़की को प्रेम जाल में फंसाया, हकीकत खुली तो निकला पंचर बनाने वाला
इलाज और सांप काटने के बाद कर्ज लेकर भेजे थे रुपये
पीड़ित महिला का कहना है कि उसका पति दुबई में इलेक्ट्रिशियन का काम करता है. घर पर महिला की तबीयत काफी समय से खराब चल रही थी. इसी बीच उसके बेटे को भी सांप ने काट लिया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. इस गंभीर स्थिति की जानकारी जब दुबई में रह रहे पति को मिली, तो उसने वहां किसी तरह कर्ज मांगकर पत्नी के पंजाब नेशनल बैंक के खाते में 17 हजार रुपये भेजे थे.
दो हजार निकलते ही खाता हुआ फ्रीज, साइबर थाने ने कहा बंगाल जाओ
महिला ने बताया कि जब वह बैंक से पैसे निकालने गई, तो पहली बार में दो हजार रुपये तो निकल गए. लेकिन उसके तुरंत बाद ही खाते को फ्रीज कर दिया गया. खाता अनफ्रिज कराने के लिए पीड़िता मंगलवार को बेला स्थित साइबर थाने पहुंची. वहां जब तकनीकी जांच की गई, तो पता चला कि इस खाते पर होल्ड बिहार से नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल की पुलिस या एजेंसी द्वारा लगाया गया है. साइबर थाने के अधिकारियों ने महिला को साफ कह दिया कि खाता अनफ्रिज कराने के लिए उसे पश्चिम बंगाल जाना होगा.
यह भी पढ़ें... मिथिला के मखाना का बड़ा जलवा, अब Delhi AIIMS की ऑफिशियल Diet Sheet में मिली जगह
पीड़ित परिवार के सामने भुखमरी की स्थिति, जीआरएम पोर्टल पर शिकायत की सलाह
महिला का रो-रोकर बुरा हाल है. उसका कहना है कि जब इलाज के लिए पैसे ही नहीं हैं, तो वह पश्चिम बंगाल जाने का खर्च कहां से उठाएगी. उसे यह भी समझ नहीं आ रहा कि आखिर उसके खाते को क्यों होल्ड किया गया है. फिलहाल, साइबर थाना पुलिस ने पीड़िता को राहत के लिए जीआरएम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है, ताकि मामले की समीक्षा की जा सके. हालांकि, बैंक खाते के फ्रीज होने से इस वक्त पीड़ित परिवार के सामने इलाज तो दूर, दाने-दाने की नौबत आ गई है.
