Muzaffarpur News:इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के चक्कर में घर से भागीं झारखंड की दो नाबालिग छात्राओं को मुजफ्फरपुर से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है. रांची के बरियातू थाना क्षेत्र से बीते 18 मई को लापता हुई इन दोनों छात्राओं को मुजफ्फरपुर जिला के कच्ची-पक्की और मनियारी थाना क्षेत्र से बरामद किया गया. इसके साथ ही पुलिस ने दोनों छात्राओं को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में दो किशोरों (टीन एजर्सलड़कों) को भी दबोच लिया है. रांची पुलिस दोनों आरोपियों और छात्राओं को अपने साथ वापस रांची ले गई है.
मोबाइल टावर लोकेशन ने खोला राज, जबलपुर से मुजफ्फरपुर पहुंचे थे चारों
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियों के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने रांची के बरियातू थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और तकनीकी सेल की मदद से लड़कियों के मोबाइल का टावर लोकेशन निकाला. लोकेशन बिहार के मुजफ्फरपुर में मिलने पर बरियातू थाने की पुलिस टीम मंगलवार की रात मुजफ्फरपुर के सदर थाने पहुंची. वहां की स्थानीय पुलिस के सहयोग से कच्ची-पक्की और मनियारी थाना क्षेत्रों में त्वरित छापेमारी की गई, जहां से दोनों लड़कियों को बरामद और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से रांची की रहने वाली इन दोनों नाबालिग लड़कियों की पहचान मुजफ्फरपुर के लड़कों से हुई थी. दोस्ती गहरी होने पर दोनों लड़कियां 18 मई को रांची से भागकर पहले जबलपुर पहुंच गईं और फिर वहां से चारों मुजफ्फरपुर आकर छिपकर रह रहे थे.
गुमशुदगी का मामला अब पॉक्सो एक्ट में बदला, कोर्ट में दर्ज होगा बयान
रांची पुलिस का कहना है कि शुरुआत में परिजनों के आवेदन पर बरियातू थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई थी. चूंकि दोनों बरामद लड़कियां नाबालिग हैं, इसलिए अब इस मामले में अपहरण और पॉक्सो(POCSO) एक्ट की गंभीर धाराएं जोड़ीजाएंगी. रांची पहुंचने के बाद कोर्ट में दोनों छात्राओं का मजिस्ट्रेट के सामने बयान (164 के तहत) दर्ज कराया जाएगा. बयान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
