Muzaffarpur News:कांटी विधानसभा क्षेत्र के मड़वन प्रखंड स्थित मॉडल स्कूल चैनपुर विशुनपुर में बुधवार को विद्यालय विकास और शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर एक अहम बैठक हुई. बैठक में स्थानीय लोगों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने स्कूल की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की. मौके पर पहुंचे कांटी विधायक ई. अजीत कुमार का विद्यालय प्रबंधन ने भव्य स्वागत किया.
1.63 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अजीत कुमार ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना उनकी प्राथमिकता है. मड़वन प्रखंड का यह एकमात्र मॉडल स्कूल है, जिसके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि हाल ही में विधानसभा की प्राक्कलन समिति में भी उन्होंने इस स्कूल का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था. इसके तहत आधारभूत संरचना निगम की ओर से 1 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से विकास का प्रस्ताव भेजा गया है.
सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत, बढ़ेगी पुलिस गश्त
बैठक के दौरान स्कूल के प्रधान शिक्षक ने विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया. वहीं, सरपंच मो. नौशाद और पूर्व सरपंच रामचंद्र राय ने स्कूल के समय परिसर के आसपास असामाजिक तत्वों के जुटने की शिकायत की. इस पर विधायक ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना को सूचित कर क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया.विधायक ने अपील की कि इस स्कूल को जिले में अव्वल बनाने के लिए शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय लोग मिलकर प्रयास करें. बैठक में जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो. शमीम, प्रधान शिक्षिका पिंकी कुमारी, सलोनी कुमारी, नागेश्वर पंडित, राजनीश कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे.
