मुजफ्फरपुर: प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड, आठवें मरीज की मौत, जख्मी महिला ने मेदांता में तोड़ा दम

Muzaffarpur News: प्रसाद अस्पताल अग्निकांड में झुलसी मरीज गिरिजा देवी की पटना के मेदांता अस्पताल में मौत हो गई है. इस हादसे में अब तक आठ मरीजों की जान जा चुकी है, जबकि प्रशासन ने अस्पताल का लाइसेंस सस्पेंड कर आईसीयू सील कर दिया है. जानिए पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से प्रिमांशु शेखर की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: जिला के चर्चित प्रसाद अस्पताल अग्निकांड में मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है. इस हादसे में गंभीर रूप से झुलसीं एक और मरीज गिरिजा देवी (पति पंचदेव साह) की इलाज के दौरान मौत हो गई है. शनिवार की देर रात पटना के मेदांता हॉस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली. इस दर्दनाक हादसे में अब तक कुल आठ लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.

सांस की तकलीफ के बाद 3 जून को हुई थीं भर्ती

मिठनपुरा के शिवशंकर पथ की रहने वाली गिरिजा देवी को सांस लेने में तकलीफ होने पर 3 जून को प्रसाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उसी दिन अस्पताल में भीषण आग लग गई. अग्निकांड के बाद उन्हें पहले कवच हॉस्पिटल और फिर एसकेएमसीएच ले जाया गया. हालत में सुधार न होने पर 9 जून को उन्हें पटना के मेदांता हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां 13 जून की रात 1.42 बजे उनकी मौत हो गई. डॉक्टर किशोर झुनझुनवाला ने उनकी मौत की पुष्टि की है.

मड़वन के अंजनी कुमार की भी हो चुकी है मौत

इससे पहले 6 जून को मड़वन के चैनपुर परड़ी गांव निवासी पीडीएस विक्रेता अंजनी कुमार सिंह (58 वर्ष) की भी इलाज के दौरान मौत हो गई थी. उन्हें भी 3 जून को ही भर्ती कराया गया था और आग लगने के बाद अशोका अस्पताल में शिफ्ट किया गया था.

अस्पताल का लाइसेंस निलंबित, आईसीयू सील

इस बड़े हादसे के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. प्रशासन ने प्रसाद अस्पताल के लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और अस्पताल के आईसीयू (ICU) को सील कर दिया गया है. मामले की उच्च स्तरीय जांच अभी जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >