मुजफ्फरपुर: कुढ़नी में खुले स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा केंद्र, ग्रामीणों में खुशी

Muzaffarpur News: मनियारी के पकाही पंचायत में उप-स्वास्थ्य केंद्र और पशु चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन किया गया. अब ग्रामीणों और पशुपालकों को इलाज और परामर्श के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. पढे़ं पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर के मनियारी से श्याम कुमार की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: कुढ़नी प्रखंड के मनियारी थाना क्षेत्र स्थित पकाही पंचायत के लोगों के लिए बुधवार का दिन खास रहा. गांव में नव निर्मित उप-स्वास्थ्य केंद्र और पशु चिकित्सा औषधि एवं परामर्श केंद्र का उद्घाटन किया गया. इन दोनों सुविधाओं के शुरू होने से अब ग्रामीणों और पशुपालकों को इलाज के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा. उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और इसे पंचायत के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया.

पर्यटन मंत्री ने किया उद्घाटन

ग्राम पंचायत राज पकाही-बाघी मनियार में आयोजित समारोह में बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे. स्थानीय मुखिया विमला देवी की अध्यक्षता में फीता काटकर दोनों केंद्रों का उद्घाटन किया गया. इस दौरान ग्रामीणों ने मंत्री का स्वागत किया और पंचायत में नई सुविधाएं मिलने पर खुशी जताई.

गांव में ही मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

उप-स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने से अब पंचायत के बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिक इलाज, टीकाकरण और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं गांव के पास ही उपलब्ध होंगी. ग्रामीणों का कहना है कि पहले छोटी-छोटी बीमारियों के लिए भी उन्हें दूर अस्पताल जाना पड़ता था.

पशुपालकों को भी बड़ी राहत

नए पशु चिकित्सा एवं परामर्श केंद्र के खुलने से किसानों और पशुपालकों को काफी सहूलियत मिलेगी. अब मवेशियों के इलाज, दवा और स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा. इससे पशुपालकों की आजीविका को भी मजबूती मिलेगी.

बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीण

इस मौके पर पंचायत प्रतिनिधि, वार्ड सदस्य, जीविका दीदी, आशा कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कर्मी और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे. लोगों ने कहा कि इन दोनों केंद्रों के शुरू होने से पंचायत के विकास को नई रफ्तार मिलेगी और गांव में जनसेवा मजबूत होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >