मुजफ्फरपुर: पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत 15 जगहों पर लगेंगे (EV)इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत 15 प्रमुख स्थलों पर इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे. डीटीओ ने कलेक्ट्रेट, एसकेएमसीएच और एनएच-27 समेत चयनित जमीनों की सूची राज्य परिवहन मुख्यालय को भेज दी है.पढे़ं पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से कुमार गौरव की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: बिहार में पर्यावरण संरक्षण और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू की गई है. केंद्र सरकार की पीएम ई-ड्राइव (PM E-DRIVE) योजना के अंतर्गत मुजफ्फरपुर जिले में कुल 15 प्रमुख स्थलों पर सार्वजनिक ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे. जिला परिवहन कार्यालय ने इन स्थलों का भौतिक सत्यापन और निरीक्षण करने के बाद अंतिम सूची तैयार कर प्रस्ताव राज्य परिवहन मुख्यालय पटना को भेज दिया है.

विशेष टीम ने किया जमीन का भौतिक सत्यापन

राज्य परिवहन आयुक्त (एसटीसी) के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) द्वारा नामित अधिकारियों की एक विशेष टीम गठित की गई थी. इस टीम ने जिले के विभिन्न सरकारी व अर्ध-सरकारी संस्थानों द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि और उनकी उपयुक्तता का बारीकी से परीक्षण किया है. बिजली की निर्बाध उपलब्धता, सुरक्षा मानकों और वाहनों की पहुंच को ध्यान में रखते हुए 15 प्रमुख स्थानों को इसके लिए हरी झंडी दी गई है.

नगर निगम और कलेक्ट्रेट समेत इन प्रमुख जगहों पर खुलेंगे स्टेशन

  • चयनित सूची के अनुसार, नगर निगम और बिहार सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण परिसरों में चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे:
  • नगर निगम क्षेत्र:नगर निगम कार्यालय, सिटी पार्क, स्मार्ट सिटी कार्यालय, जुब्बासहनी पार्क (पानीकल कैंपस), जेल चौक (वार्ड-45), वाहन यार्ड (पानीटंकी चौक) और सिकंदरपुर स्टेडियम के पास.
  • सरकारी व स्वास्थ्य परिसर: प्रमंडलीय कार्यालय परिसर, समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) परिसर, सदर अस्पताल, एमआइटी कॉलेज गेट और एसकेएमसीएच(SKMCH) स्थित सुपर स्पेशलिटी बिल्डिंग परिसर.
  • संस्थान व हाईवे:दामोदरपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड मैदान, एनएच-27 पर सरमसपुर(नरसंडा रोड) और मुजफ्फरपुर-मोतिहारी मार्ग पर इसे लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है.

500 से 1000 वर्गफीट तक की जमीन होगी उपलब्ध

चिन्हित किए गए अधिकांश स्थलों पर 500 से 1000 वर्गफीट तक की भूमि उपलब्ध कराई जा रही है. सूची के अनुसार, एसकेएमसीएच की सुपर स्पेशलिटी बिल्डिंग में सबसे बड़ा क्षेत्रफल (464 वर्ग मीटर) आवंटित किया गया है. इन स्थानों में से अधिकांश खाली पड़ी जमीनें हैं, जबकि सदर अस्पताल, समाहरणालय और एसकेएमसीएच जैसे व्यस्त परिसरों में इसके लिए पहले से मौजूद पार्किंग एरिया का उपयोग किया जायेगा. सभी स्थलों की सटीक भौगोलिक स्थिति सुनिश्चित करने के लिए लैटीट्यूड(अक्षांश) भी दर्ज किए गए हैं.

हाईवे पर सफर होगा आसान, प्रदूषण पर लगेगी लगाम

इन सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों के चालू होने से मुजफ्फरपुर और इसके आसपास के नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को चार्जिंग की चिंता से मुक्ति मिलेगी. परिवहन विभाग के अनुसार, इस कदम से जिले में पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने में बड़ी मदद मिलेगी. राज्य मुख्यालय से अंतिम स्वीकृति मिलते ही यहां चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर लगाने का काम शुरू कर दिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >