Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले में हाइवे पर बढ़ते सड़क हादसों पर लगाम लगाने और यातायात को सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से एक बड़ा कदम उठाया है. सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के आलोक में मंगलवार को बैरिया गोलंबर से लेकर चांदनी चौक, दरभंगा मोड़ और संगम घाट तक एक व्यापक अतिक्रमण हटाओ और सघन चेकिंग अभियान चलाया.
100 से अधिक वाहनों के चालान काटे
इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान हाईवे के दोनों ओर शोल्डर पार्किंग में अवैध रूप से खड़े ट्रकों और अन्य बड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए. अभियान की अगुवाई कर रहीं नगर डीएसपी टू विनीता सिन्हा ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष ड्राइव शुरू की गई है. इस अभियान में अब तक 100 से अधिक वाहनों के चालान काटे जा चुके हैं, और उनसे भारी जुर्माना वसूला जा रहा है.
कई विभागों का दिखा संयुक्त तालमेल
हाईवे को पूरी तरह सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त करने के इस महा-अभियान में कई महत्वपूर्ण विभाग एक साथ मुस्तैद दिखे. पुलिस प्रशासन के अलावा नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया , जिला परिवहन विभाग , ट्रैफिक डीएसपी और माइनिंग विभाग के अधिकारियों ने मौके पर रहकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया. डीएसपी टू ने स्पष्ट किया कि एनएच के किनारे न सिर्फ वाहनों की अवैध पार्किंग से दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ रहा है, बल्कि आसपास की सड़कों और सर्विस लेंस पर कई अस्थायी दुकानें और अवैध कब्जे एनक्रोचमेंट भी कर लिए गए हैं, जो यातायात में बड़ी बाधा बन रहे हैं.
सड़कों के किनारे अवैध रूप से चल रही दुकानों को नोटिस
प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाते हुए न सिर्फ गाड़ियों पर कार्रवाई की, बल्कि हाईवे के किनारे की गलियों और सर्विस लेन में अवैध रूप से चल रहीं दुकानों को भी निशाने पर लिया. अवैध कब्जेदारों और दुकानदारों को प्रशासन की ओर से विधिवत नोटिस तामिल कराई जा रही है ताकि वे स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी.
हादसों को कम करना और सुरक्षित सफर है लक्ष्य
नगर डीएसपी टू विनीता सिन्हा ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है. अक्सर देखा जाता है कि एनएच पर गाड़ियां बेतरतीब तरीके से खड़ी रहती हैं, जिससे लगातार एक्सीडेंट्स की खबरें आती हैं. इस कार्रवाई से ट्रैफिक कंट्रोल होगा और आम जनता के लिए हाईवे का सफर काफी सुरक्षित हो सकेगा. उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि यह अभियान महज एक दिन की औपचारिकता नहीं है.बैरिया से शुरू हुआ यह एक्शन प्लान आगे भी लगातार और अनवरत रूप से जारी रहेगा, ताकि मुजफ्फरपुर के अंतर्गत आने वाले सभी प्रमुख सड़क और नेशनल हाईवे पूरी तरह से साफ और सुरक्षित रह सकें.
