मुजफ्फरपुर मड़वन से संतोष कुमार कि रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र स्थित बथना गांव में एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां जान मारने की नीयत से फायरिंग करने, घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट करने और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया है. इस घटना से पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है.
घर में घुसकर मारपीट और लाखों की लूट
बथना निवासी पीड़ित विकास कुमार ने करजा थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. दिए गए आवेदन के अनुसार, विशाल कुमार, उसकी पत्नी झुनकी कुमारी, फतेहपुर बखरी (अहियापुर) निवासी उसकी बड़ी बहन और दो अज्ञात अपराधियों ने उनके घर पर अचानक हमला बोल दिया. हमलावर लाठी, डंडा और फट्टा से लैस थे. आरोपियों ने विकास और उनके परिवार के साथ जमकर मारपीट की. बीच-बचाव करने आई विकास की दादी को भी बुरी तरह पीटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया. इतना ही नहीं, अपराधियों ने घर में घुसकर विकास की पत्नी की सोने की चेन, अन्य जेवरात और 2 लाख रुपये नकद लूट लिए.
गैंगस्टर की पत्नी पर हमले का आरोप
शिकायत में यह भी बताया गया है कि मुख्य आरोपी झुनकी कुमारी के पहले पति विशाल पांडे इलाके के एक कुख्यात गैंगस्टर थे, जिनकी मौत हो चुकी है. बुधवार की शाम करीब 5 बजे झुनकी अपने वर्तमान पति विशाल कुमार और अन्य गुर्गों के साथ बथना गांव पहुंची थी. आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की. मारपीट और गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जुट गए. लोगों की भीड़ इकट्ठा होते देख हमलावर वहां से भाग निकले. ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए मड़वन सीएचसी में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने मौके से बरामद किया खोखा
पीड़ित विकास कुमार का कहना है कि ग्रामीणों के जुटने से ही उनके परिवार की जान बच पाई. उन्होंने आरोपियों से जान-माल का खतरा जताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है. घटना की सूचना मिलते ही करजा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से फायरिंग का एक खोखा भी बरामद किया है. करजा थानाध्यक्ष रामकृष्ण परमहंस ने बताया कि घटना का आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है और जांच के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
