Muzaffarpur News: भारत की जनगणना 2027 को लेकर मुजफ्फरपुर नगर निगम की सीमा और कार्यक्षेत्र में बड़ा विस्तार किया गया है. जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार ने नगर निगम से सटे चार बाहरी क्षेत्रों (आउटग्रोथ) को निगम क्षेत्र के अधीन शामिल करने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही अब मुजफ्फरपुर नगर निगम में वार्डों की कुल संख्या 49 से बढ़कर 53 हो जाएगी. अखाड़ाघाट शेखपुर, शेरपुर, भिखनपुर डीह और बीबीगंज-भगवानपुर को ‘आउटग्रोथ’ का दर्जा देते हुए निगम में शामिल किया गया है.
प्रखंड के बदले अब निगम कराएगा जनगणना
निदेशालय के निर्देशानुसार, अब इन नए क्षेत्रों में जनगणना से जुड़े सभी कार्य प्रखंड प्रशासन के बजाय नगर निगम प्रशासन के माध्यम से कराए जाएंगे. अब तक ये इलाके मुशहरी प्रखंड के अधीन आते थे. जनगणना निदेशालय ने मुशहरी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को स्पष्ट निर्देश दिया है कि इन चारों क्षेत्रों की गणना अब प्रखंड स्तर से नहीं होगी. संयुक्त निदेशक गोपाल महतो ने इस संबंध में नगर आयुक्त को विस्तृत दिशा-निर्देश और आधिकारिक सूचना भेज दी है.
नए वार्डों की हुई पहचान, मिला अपना वार्ड नंबर
नगर निगम ने इन नए क्षेत्रों को शामिल करने के साथ ही उनके लिए वार्ड संख्या भी निर्धारित कर दी है:
- वार्ड संख्या 50: अखाड़ाघाट शेखपुर क्षेत्र को इस वार्ड के रूप में पहचाना जाएगा.
- वार्ड संख्या 51: शेरपुर क्षेत्र अब नगर निगम का वार्ड 51 होगा.
- वार्ड संख्या 52: खबड़ा से सटे भिखनपुर डीह इलाके को वार्ड 52 में रखा गया है.
- वार्ड संख्या 53: भगवानपुर गोलंबर से बीबीगंज एनएच के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र को वार्ड 53 बनाया गया है.
भौतिक निरीक्षण के बाद ‘आउटग्रोथ’ पर लगी मुहर
इन क्षेत्रों की पहचान भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आधार पर की गई है. नगर निगम और जनगणना निदेशालय के अधिकारियों ने संयुक्त भौतिक निरीक्षण के बाद रिपोर्ट तैयार की थी, जिसमें इन इलाकों में उपलब्ध नगरीय सुविधाओं का आकलन किया गया. इसी रिपोर्ट के आधार पर इन्हें मुजफ्फरपुर नगर निगम के आउटग्रोथ क्षेत्र के रूप में स्वीकृति दी गई है. अब मकान सूचीकरण से लेकर जनसंख्या परिगणना तक की जिम्मेदारी निगम की होगी.
मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट
