मुजफ्फरपुर से विनय कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) के पीजी विभागों और कॉलेजों में सेल्फ फाइनेंस मोड में संचालित वोकेशनल कोर्सों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो रही है. सत्र 2026-27 के तहत इन कोर्सों में दाखिले के लिए छात्र 22 जून तक आवेदन कर सकेंगे. इसके लिए सोमवार यानी 15 जून से ऑनलाइन आवेदन का लिंक एक्टिव कर दिया जाएगा. विश्वविद्यालय प्रशासन की योजना जून के अंतिम सप्ताह तक नामांकन की प्रक्रिया संपन्न कराकर एक जुलाई से नया शैक्षणिक सत्र शुरू करने की है.
समर्थ पोर्टल पर होगी नामांकन की पूरी प्रक्रिया
विश्वविद्यालय के सीसीडीसी प्रो. रजनीश कुमार ने बताया कि इस बार नामांकन की पूरी प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से पूरी की जाएगी. पोर्टल पर पेमेंट गेटवे जुड़ने के बाद विश्वविद्यालय की ओर से सभी तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. बीबीए और बीसीए सहित आधा दर्जन लोकप्रिय वोकेशनल कोर्सों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा (इंट्रेंस टेस्ट) आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है. वहीं, अन्य बचे हुए कोर्सों के लिए छात्रों के अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट जारी कर कॉलेज या विभाग आवंटित किया जाएगा.
रिपोर्ट सौंपने वाले 59 कॉलेजों के नाम पोर्टल पर जुड़े
नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सीसीडीसी कार्यालय ने सभी विभागों और कॉलेजों से एआईसीटीई (AICTE) से अप्रूवल की जानकारी मांगी थी. शनिवार तक जिले के 59 विभागों और कॉलेजों ने अपनी अपडेटेड रिपोर्ट विश्वविद्यालय को सौंप दी है. इन सभी संस्थानों के नाम पोर्टल पर जोड़ दिए गए हैं, ताकि ऑनलाइन आवेदन करते समय छात्रों को विकल्पों को चुनने में कोई परेशानी न हो. सीसीडीसी ने स्पष्ट किया है कि अन्य कॉलेज जैसे-जैसे रिपोर्ट सौंपेंगे, उनके नाम भी पोर्टल पर बढ़ा दिए जाएंगे.
