मुजफ्फरपुर: हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 8 युवतियां रेस्क्यू और दो गिरफ्तार

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के सरैया में पुलिस ने बसंतपुर मलंग चौक पर चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. एसडीपीओ अभिजीत कौर के नेतृत्व में हुई छापेमारी में 8 युवतियों को रेस्क्यू किया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.पढ़ें पूरी खबर...

मुजफ्फरपुर सरैया से शिवेंद्र सिंह की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है. पुलिस ने बसंतपुर मलंग चौक स्थित विजय साह के मकान में चल रहे एक बड़े देह व्यापार (सेक्स रैकेट) के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. एसएसपी के निर्देश पर हुई इस ताबड़तोड़ छापेमारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मौके से आठ महिलाओं और लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है, जबकि दो युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

एसएसपी के आदेश पर बनी स्पेशल टीम, मकान की घेराबंदी कर मारा छापा

जानकारी के मुताबिक, सरैया पुलिस को काफी समय से इस मकान में अनैतिक गतिविधियों के संचालन की गुप्त सूचना मिल रही थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के आदेशानुसार सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर और प्रभारी थानाध्यक्ष नौशाद आलम के संयुक्त नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने पूरी योजना के साथ चिन्हित ठिकाने की चारों तरफ से घेराबंदी की और अचानक छापेमारी कर दी. पुलिस के आते ही वहां भगदड़ मच गई. हालांकि, छापेमारी की भनक मिलते ही मकान का मालिक और रैकेट का मुख्य संचालक मौके से फरार होने में कामयाब रहे.

कमरों से आपत्तिजनक सामान, मोबाइल और नकदी बरामद, संचालक फरार

पुलिस ने जब मकान के अलग-अलग कमरों की सघन तलाशी ली, तो वहां से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्रियां, कई स्मार्टफोन और नकद रुपये बरामद किए गए. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को सील करने की कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके साथ ही बरामद किए गए मोबाइल फोनों के कॉल डिटेल्स (CDR) और व्हाट्सएप चैट को खंगाला जा रहा है ताकि इस काले धंधे से जुड़े मुख्य सरगना और ग्राहकों के पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके.

अभिजीत कौर, एसडीपीओ सरैया: बसंतपुर चौक स्थित एक मकान में अनैतिक देह व्यापार चलाए जाने की गुप्त सूचना पर स्पेशल टीम गठित कर छापेमारी की गई थी. कुल 8 महिलाओं और युवतियों को रेस्क्यू कर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है, जिनकी काउंसिलिंग और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं की जा रही हैं. गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों से गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जा रही है. फरार मकान मालिक और संचालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >