मुजफ्फरपुर: बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही, हाई वोल्टेज से दर्जनों घरों के उपकरण फूंके

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के हरपुर बलड़ा गांव में बिजली विभाग की लापरवाही से अचानक हाई वोल्टेज आ गया. भीषण गर्मी के बीच दर्जनों गरीब परिवारों के पंखे, टीवी और फ्रिज जलकर खाक हो गए, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.पढ़ें पूरी खबर...

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर भीषण गर्मी के इस मौसम में जहां हर कोई छांव और ठंडी हवा की तलाश में है, वहीं बिजली विभाग की एक गंभीर लापरवाही ने कई गरीब परिवारों को बेहाल कर दिया है. मामला मनियारी थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर पड़ेया सब स्टेशन से जुड़े हरपुर बलड़ा गांव का है. जहां अचानक आए ‘हाई वोल्टेज’ ने कहर बरपा दिया. देखते ही देखते लोगों के घरों में लगे टीवी, फ्रिज, इनवर्टर, बल्ब और पंखे धू-धू कर जल गए. इस हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.

बुजुर्ग लखेंद्र साह का छलका दर्द, एकमात्र सहारा भी छिना

इस हादसे का सबसे दर्दनाक चेहरा बुजुर्ग लखेंद्र साह बने. रामपुर बलड़ा बाजार (हाट) स्थित इलेक्ट्रिक दुकान पर अपने जले हुए स्टैंड फैन को ले जाते हुए लखेंद्र ने मायूस चेहरे से बताया, “अचानक बिजली का वोल्टेज बहुत तेज हो गया. जब तक कुछ समझ पाते, हमारा एकमात्र पुराना पंखा जल गया.” इस भीषण गर्मी में बिना पंखे के दिन काटना इन ग्रामीणों के लिए किसी सजा से कम नहीं है. ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ सरकार हर घर बिजली का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा के अभाव में गरीबों की गाढ़ी कमाई एक झटके में स्वाहा हो जाती है.

जेई ने दिया जांच का भरोसा, ग्रामीणों ने मांगा मुआवजा

यह घटना सीधे तौर पर ग्रामीण इलाकों में ट्रांसफार्मर और तारों के रखरखाव की कमी को उजागर करती है. आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग से नुकसान के मुआवजे और व्यवस्था में सुधार की मांग की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए कुढ़नी के जेई केशव कृष्णा ने बताया कि लाइनमैन को मौके पर भेजकर अविलंब मरम्मती कराने का निर्देश दे दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >