मुजफ्फरपुर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने वाले गिरोह का भंडाफोड़, फर्जी WhatsApp प्रोफाइल का खुलासा

मुजफ्फरपुर पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर WhatsApp कॉल कर रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. कांटी थाना क्षेत्र से कन्हाई सहनी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है.

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर WhatsApp कॉल कर बड़े नेताओं और प्रतिष्ठित लोगों से रंगदारी मांगने वाले गिरोह का खुलासा किया है. मुजफ्फरपुर और पटना पुलिस की संयुक्त टीम ने कांटी थाना क्षेत्र निवासी कन्हाई सहनी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है. जांच में सामने आया कि आरोपी ने उत्तर प्रदेश के वृंदावन में होटल मालिक के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के नाम से फर्जी WhatsApp प्रोफाइल बनाया था.

तीन थानों में दर्ज थे रंगदारी और धमकी के मामले

मुजफ्फरपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से प्रतिष्ठित लोगों और नेताओं को WhatsApp कॉल के जरिए धमकी देकर रंगदारी मांगने की शिकायतें मिल रही थीं. शिकायतों के आधार पर ब्रह्मपुरा थाना में कांड संख्या 224/26, साहेबगंज थाना में कांड संख्या 644/26 और सदर थाना में कांड संख्या 712/26 दर्ज किया गया था. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय स्तर पर जांच शुरू की.

नेताओं से मांगी गई थी लाखों और करोड़ों की रंगदारी

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने कई हाई-प्रोफाइल लोगों को निशाना बनाया था. पूर्व जदयू जिला अध्यक्ष एवं वर्तमान भाजपा नेता रंजीत सहनी से 50 लाख रुपये की मांग की गई थी. वहीं राजेश कुमार सहनी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. कुढ़नी विधायक सह बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के पुत्र कृष्ण मुरारी से भी 50 लाख रुपये मांगे गए थे.

पूर्व विधायक से भी मांगी गई थी एक करोड़ की रंगदारी

पुलिस के अनुसार, अनुसंधान के दौरान 25 जुलाई 2026 को परबत्ता के पूर्व विधायक डॉ. संजीव कुमार से भी एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने की जानकारी सामने आई. इस मामले में पटना के कंकड़बाग थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया और मुजफ्फरपुर पुलिस ने पटना पुलिस के साथ मिलकर आरोपी तक पहुंचने के लिए कार्रवाई की.

होटल मालिक के नंबर से बनाया फर्जी WhatsApp प्रोफाइल

पूछताछ में पुलिस के सामने आरोपी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित एक होटल में काम करता था. चार जुलाई 2026 को उसने होटल मालिक के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर 'लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप' के नाम से फर्जी WhatsApp प्रोफाइल तैयार किया. इसके बाद वह वृंदावन से मुजफ्फरपुर लौटा और इसी प्रोफाइल के जरिए नेताओं एवं प्रतिष्ठित लोगों को WhatsApp कॉल कर रंगदारी मांगने लगा.

पुलिस ने मोबाइल किया बरामद, पूछताछ जारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी एवं मानवीय जांच के आधार पर कांटी थाना क्षेत्र निवासी कन्हाई सहनी को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसके पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

यह भी पढ़ें: पारू में मवेशी खरीदने निकले युवक की गला रेतकर हत्या, नहर में मिला शव


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >