Bihar Weather Update: मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. शुक्रवार को दिनभर बादलों की आवाजाही के बाद देर शाम शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली. अब मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
28 और 29 जुलाई को सबसे ज्यादा असर
मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 25 से 29 जुलाई के बीच उत्तर बिहार के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा. खासतौर पर 28 और 29 जुलाई को कई जिलों में तेज हवा के साथ गरज-चमक और बारिश होने की प्रबल संभावना है. इस दौरान वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं.
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
विभाग के अनुसार मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, मधुबनी, सीतामढ़ी, सिवान, वैशाली, सारण, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के कई इलाकों में घने बादल छाए रहेंगे. यहां हल्की से लेकर भारी बारिश तक हो सकती है. हालांकि उत्तर बिहार के अन्य जिलों में केवल छिटपुट या हल्की बारिश होने के आसार हैं.
तापमान में भी रहेगा उतार-चढ़ाव
शुक्रवार को मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. बारिश के कारण लोगों को उमस से कुछ राहत मिल सकती है.
तेज हवा चलने का भी अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चलती रहेगी. बारिश और तेज हवा के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है. किसानों और आम लोगों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें: छात्र आंदोलन के बीच मुजफ्फरपुर में इंटरनेट बंद, नहीं चलेंगे Instagram, WhatsApp और Facebook
