Bihar BEd Admission 2026: बिहार सीईटी-बीएड और शिक्षा शास्त्री 2026 में दाखिले का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. चौथे चरण की काउंसेलिंग और नामांकन का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. राज्य नोडल पदाधिकारी प्रो. संजय कुमार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार चौथे चरण की प्रक्रिया 28 जुलाई 2026 से शुरू होगी. इस चरण में राज्य के विभिन्न बीएड कॉलेजों और विश्वविद्यालय विभागों में रिक्त सीटों पर योग्य अभ्यर्थियों का नामांकन कराया जाएगा.
28 जुलाई को दिखेंगी रिक्त सीटें
जारी शेड्यूल के अनुसार 28 जुलाई को पोर्टल पर सभी रिक्त सीटों का प्रदर्शन किया जाएगा. इसके बाद पंजीकृत और गैर-पंजीकृत दोनों तरह के अभ्यर्थी 28 से 30 जुलाई तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, चॉइस फिलिंग और कॉलेज प्रेफरेंस में बदलाव कर सकेंगे. विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से तय समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.
3 अगस्त से कॉलेज अलॉटमेंट और फीस भुगतान
चौथे चरण के तहत 3 से 5 अगस्त के बीच कॉलेज आवंटन किया जाएगा. इसी अवधि में अभ्यर्थियों को 3,000 रुपये की सीट कन्फर्मेशन फीस भी जमा करनी होगी. इसके बाद 3 से 6 अगस्त तक संबंधित कॉलेजों में दस्तावेज सत्यापन और नामांकन की प्रक्रिया चलेगी. अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण पत्र साथ लेकर पहुंचने की सलाह दी गई है.
पांचवें और छठे चरण की तारीख भी घोषित
विश्वविद्यालय ने अगले चरणों का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है. पांचवें चरण में कॉलेज आवंटन और फीस भुगतान 10 से 11 अगस्त तक होगा, जबकि दस्तावेज सत्यापन और नामांकन 10 से 12 अगस्त तक कराया जाएगा.
वहीं छठे और अंतिम चरण में कॉलेज आवंटन एवं फीस भुगतान 14 से 17 अगस्त तक होगा. इसके बाद 17 और 18 अगस्त को दस्तावेज सत्यापन और अंतिम नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
आधिकारिक वेबसाइट पर देखें अपडेट
अभ्यर्थी काउंसेलिंग, सीट आवंटन और नामांकन से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारी और अपडेट ऑफिशियल वेबसाइट पर देख सकते हैं. विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से समय-समय पर पोर्टल पर नजर बनाए रखने की अपील की है.
यह भी पढे़ं: मुजफ्फरपुर बंद: छात्र आंदोलन के बीच शहर में हाई अलर्ट, चौक-चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात
