मुजफ्फरपुर शतरंज प्रतियोगिता: कलमबाग रोड स्थित आदर्श छात्रावास के सभागार में आयोजित प्रतिष्ठित 'गायत्री देवी मेमोरियल ओपेन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता' का खिताब उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अयांश सिंह ने जीत लिया है. गायत्री देवी मेमोरियल ट्रस्ट और मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों के बीच कड़ा और रोमांचकारी मुकाबला देखने को मिला.
अयांश और मोहित के बीच कांटे की टक्कर
प्रतियोगिता निदेशक राजीव कुमार रंजन ने बताया कि खिताबी दौड़ बेहद रोमांचक रही. उत्तर प्रदेश के अयांश सिंह ने बेहतरीन चालों का प्रदर्शन करते हुए कुल 6.5 अंक अर्जित कर पहला स्थान हासिल किया. छपरा के मोहित कुमार सोनी ने भी शानदार खेल दिखाते हुए 6.5 अंक बनाए, लेकिन कम बुकोल्ज स्कोर के कारण उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा. वहीं, बेगूसराय के अनिकेत रंजन ने 6 अंक हासिल कर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान झटका.
18 जिलों के 124 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
जिला शतरंज संघ के सचिव अभिषेक सोनू ने जानकारी दी कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में बिहार और बाहर के 18 जिलों से आए 124 खिलाड़ियों ने भाग लिया. इसमें 42 अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटेड खिलाड़ी भी शामिल हुए, जिससे मुकाबलों का स्तर काफी प्रतिस्पर्धी रहा.
शीर्ष 10 में रहे ये प्रमुख खिलाड़ी:
- चौथा स्थान: आर्यन कुमार (दरभंगा)
- पांचवां स्थान: समीर बर्धन (मधेपुरा)
- छठा स्थान: वीर विक्रम
- सातवां स्थान: मो. अरहान कमर (दरभंगा)
- आठवां स्थान: नैतिक मिश्रा (मुजफ्फरपुर)
- नौवां स्थान: शुभम कुमार (खगड़िया)
- दसवां स्थान: अभिषेक रंजन (बेगूसराय)
भव्य समारोह में पुरस्कृत हुए विजेता
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ (बिहार) के प्रदेश अध्यक्ष सतीश कुमार श्रीवास्तव, अंतरराष्ट्रीय मास्टर नीरज कुमार मिश्रा और प्रतियोगिता निदेशक राजीव कुमार रंजन मौजूद रहे. विशिष्ट अतिथि राजीव कुमार सिन्हा एवं संजय कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को चमचमाती ट्रॉफी, मेडल तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.
ये भी पढें: शराब माफिया पर बड़ा प्रहार: आठ महीने में 3.07 लाख लीटर शराब जब्त, 3654 गिरफ्तार
